दिल्ली की तर्ज पर मेरठ में भी टमाटर और मटर महंगाई की आग में जल रही है। महानगर में फुटकर विक्रेता टमाटर 80 से 100 रुपये किलो बेच रहे हैं। हरी मटर 125 रुपये प्रति किलो बेची जा रही है।
पुराने आलू की बात करें तो इसने भी नए आलू को रेट में पिछाड़ा हुआ है। पुराना आलू 25 रुपये किलो बिक रहा है, जबकि नया आलू 20 रुपये प्रति किलो बेचा जा रहा है। इसके अलावा बैंगन 30 रुपये किलो बिक रहा है। अन्य सब्जियों के भाव अभी स्थिर हैं।
यह भी पढ़ें: हो जाएं तैयार: कड़ाके की ठंड से होगी दिसंबर की शुरुआत, मंगलवार को रही सीजन की सबसे सर्द रात
नवीन मंडी के आढ़ती ओमपाल सिंह का कहना है कि टमाटर और मटर जैसी सब्जियों के भाव बढ़ने का मुख्य कारण प्रदूषण के कारण दिल्ली में कुछ समय रही भारी वाहनों की नो एंट्री मानी जा रही है। उन्होंने बताया कि नए आलू के मुकाबले जनता पुराने आलू को ही पसंद कर रही है। टमाटर की खरीद पर थोड़ा बहुत असर देखने को मिला है।
बीते दो महीनों में ही टमाटर के दाम में उछाल आया है। टमाटर के दाम बढ़ने से घर का पूरा बजट बिगड़ गया है। वहीं सब्जी मंडी में सब्जियां खरीदने पहुंचे लोगों का कहना है कि
पहले सब्जी में ज्यादा टमाटर इस्तेमाल होते थे, लेकिन जैसे ही टमाटर के दाम बढ़े हैं सब्जी में भी टमाटरों की संख्या कम हो गई है। वहीं गृहिणियों का कहना है कि यदि इसका दाम कम नहीं हुआ, तो वह दिन दूर नहीं जब यह थाली से गायब ही हो जाएगा।