पश्चिमी यूपी में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है। सरधना, रोहटा, सरूरपुर में तेज बारिश के साथ ओले भी गिरे। कई क्षेत्रों में शनिवार शाम चार बजे तेज आंधी के साथ अचानक बारिश शुरू हो गई और करीब 20 मिनट तक ओलावृष्टि भी हुई। बेमौसम बरसात किसानों के लिए आफत बन गई। करीब 40 फीसद गेहूं, सरसों, चना, मसूर, मटर की फसलों को नुकसान पहुंचने की बात कही जा रही है।
वहीं, बारिश और ओलावृष्टि होने से किसानों के चेहरे भी मुरझा गए हैं। किसानों का कहना है कि बेमौसम की बारिश व ओलों ने उन्हें काफी नुकसान पहुंचाया है। गांवों में 100-100 ग्राम के ओले गिरने से फसलों को नुकसान हुआ है। पहले ओले गिरे, इसके बाद गरज-चमक के साथ बारिश हुई। इससे लाही, चना, गेहूं, मसूर, अलसी सहित तमाम फसलों का नुकसान हुआ है।