अन्य विपक्षी दलों ने भी किया धरना प्रदर्शन
लखीमपुर खीरी की घटना के विरोध में कमिश्नरी व कलक्ट्रेट पर भाकियू, विपक्षी दलों सपा, कांग्रेस, प्रसपा और आप ने धरना प्रदर्शन और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। सपा समर्थकों की पुलिस के साथ धक्का मुक्की और खींचतान हुई। तकरीबन सौ से ज्यादा सपा समर्थकों को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन ले जाया गया। सपा जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह, पूर्व मंत्री शाहिद मंजूर, शहर विधायक रफीक अंसारी, पूर्व विधायक गुलाम मोहम्मद, योगेश वर्मा, अतुल प्रधान आदि को हिरासत में लिया।
हालांकि दोपहर साढ़े तीन बजे उन्हें छोड़ दिया। सुरक्षा की दृष्टि से चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा। एसपी सिटी विनीत भटनागर का कहना है कि कमिश्नरी और कलक्ट्रेट पर अलग-अलग राजनीति पार्टी के लोगों ने हंगामा किया। इनके खिलाफ सिविल लाइन थाने में एफआईआर दर्ज होने की प्रक्रिया चल रही है।
सपा नेता पूर्व मंत्री शाहिद मंजूर, अतुल प्रधान, सम्राट मलिक समेत 50 लोगों के नाम दर्ज होंगे। वहीं, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष अवनीश काजला समेत 20 लोग और रालोद नेताओं समेत करीब 200 लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालना, सड़क जाम करना की धाराओं में रिपोर्ट पंजीकृत की जाएगी।
इनके अलावा मोदीपुरम चौकी के पास प्रसपा कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय राज्य मंत्री का पुतला फूंका और पुलिस के सामने योगी सरकार मुर्दाबाद के नारे लगाए। धरना प्रदर्शन किया।