अवैध कॉलोनी में दी बिजली लाइन, एमडीए ने हटवाई
मेरठ। लिसाड़ीगेट क्षेत्र में 35 हजार वर्ग मीटर में बसाई जा रही अवैध कॉलोनी में उर्जा निगम ने खंभे लगाकर लाइन दे दी। एमडीए ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए कॉलोनी का ध्वस्तीकरण कर दिया। थाना लिसाड़ीगेट के जोन ए के अंतर्गत मोहम्मद शौकीन, माल काजिम, अख्तर जमाल, शाहिद बिलाल, आमिर इकबाल, नासिर इकबाल ने रेलवे लाइन के बराबर में फेस-दो शौकीन गार्डन कॉलोनी में कई खसरा नंबर पर अवैध कॉलोनी के लिए सड़कें, बिजली खंभे, कार्यालय तैयार कर लिए।
एमडीए के जोनल अधिकारी ने टीम के साथ पहुंचकर बिजली के खंभों को उखड़वाया। निर्माण कार्य को ध्वस्त किया। एमडीए उपाध्यक्ष मृदुल चौधरी ने बताया कि खंभों को भी बिना स्वीकृत कराए लगा दिया गया। जबकि इसके लिए उर्जा निगम में आवेदन करने के बाद एनओसी लेनी होती है। कई बार विभागों को पत्र भेजकर कहा कि किसी भी कॉलोनी में बिजली, पानी कनेक्शन देने से पहले एमडीए से स्वीकृत कॉलोनी की जानकारी ली जानी चाहिए। जोनल अधिकारी अजय कुमार, एमएल मित्रा, योगेश गुप्ता, संजय वशिष्ठ, राजबल सिसौदिया सहित पुलिस बल मौजूद रहे।