लगातार खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर मेरठ का नाम रोशन करने वाली पश्चिमी उत्तर प्रदेश की बेटियां एशियन गेम्स में धूम मचाने के लिए तैयार हैं। इनमें सात बेटियों के नाम शामिल हैं, जिनमें छह महिला खिलाड़ी मेरठ और एक बागपत की है। बागपत निवासी शूटर अखिल श्योराण भी एशियन गेम्स में क्वालिफाई कर चुके हैं।
23 सितंबर से आठ अक्तूबर तक चीन के हैंगजोहू में एशियाई खेलों का आगाज होगा। मेरठ सहित बागपत जिले के कुल आठ खिलाड़ी प्रतिभा का लोहा मनवाने को बेताब हैं। हाल में ही ओलंपिक को कोटा हासिल करने वाली मेरठ की बेटी पारुल चौधरी 3000 मीटर स्टीपल चेज और 5000 मीटर दौड़ में प्रतिभाग करेंगी। दौराला क्षेत्र के इकलौता गांव निवासी पारुल ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खुद को साबित करते हुए कई पदक अपने नाम किए हैं। वो एशियन गेम्स में पदक की मजबूत दावेदार होंगी।