मऊ। औद्योगिक क्षेत्र ताजोपुर से भदसा मानोपुर तक 17.6 किमी लंबे पुराने हाईवे के चौड़ीकरण के लिए लोक निर्माण विभाग की तरफ से भेजा गया प्रस्ताव तीन वर्ष से अटका है। हाईवे का चौड़ीकरण न होने से नगर क्षेत्र में आए दिन जाम की स्थिति रहती है। इससे लोगों को गंतव्य तक पहुंचने में काफी समय लग जाता है। विभागीय अधिकारी शासन को प्रस्ताव भेजे जाने की बात कहकर मामले से पल्ला झाड़ ले रहे हैं। ताजोपुर औद्योगिक क्षेत्र के पास से गाजीपुर तिराहा, भीटी, बलियामोड़ होते हुए भदसा मानोपुर तक फोरलेन बनाए जाने की मांग वर्ष 2018 से उठ रही है। इसके अलावा वाराणसी अथवा गाजीपुर की ओर से शहर अथवा कोपागंज तक की यात्रा करने वालों के लिए इस पुराने हाईवे का अब भी काफी महत्व है। इसी मार्ग पर आफिसर्स कालोनी सहित कई सरकारी दफ्तर भी हैं। वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन ताजोपुर औद्योगिक क्षेत्र के पास से ही पुराने हाईवे को छोड़कर सलाहाबाद, मतलूपुर, सहरोज, काछी होते हुए भदसामानोपुर के पास जाकर फिर पुरानी हाईवे पर मिलता है। लेकिन शहर में और कोपागंज तक आने वाले वाहन अभी पुराने हाईवे से ही होकर भारी संख्या में आते जाते हैं।
इसलिए इस पर कचहरी मोड़, गाजीपुर तिराहा, फातिमा तिराहा, भीटी चौराहा और बलिया मोड़ तक रोजाना जाम लगता है। इससे लोगों को तमाम समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। इससे लोगों को गंतव्य तक पहुंचने में काफी समय लग जाता है। विभाग की तरफ से प्रतिवर्ष प्रस्ताव भेजा जाता है, लेकिन अभी तक प्रस्ताव को मंजूरी नहीं मिल सकी है। लोक निर्माण विभाग की तरफ से भेजे गए प्रस्ताव के अनुसार सड़क 20 मीटर चौड़ी बनाई जाएगी। इस पर 234.29 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। सड़क के चौड़ी करण के साथ ही तमसा नदी पर पुल का निर्माण कराया जाएगा और मऊ इंदारा रेलवे लाइन पर बने फ्लाईओवर के समानांतर एक और फ्लाईओवर का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही चौड़ीकरण की जद में आने वाली विद्युत लाइन के खंभों को हटाकर पीछे किया जाना है। तमसा नदी पर पुल के निर्माण पर 4200 लाख रुपये खर्च होंगे। जबकि उपरिगामी सेतु पर 1250 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। चौड़ीकरण के बाद इस सड़क की चौड़ाई भी फोरलेन के बराबर हो जाएगी।पुराने हाइवे का चौड़ीकरण होने से गाजीपुर तिराहा, फातिमा तिराहा, भीटी और बलिया मोड़ पर लगने वाले जाम से नगर को मुक्ति मिल जाएगी। कोपागंज की तरफ जा रहे सुरेंद्र सिंह, सत्येंद्र यादव, अवधेश शर्मा का कहना था कि पुराना हाइवे का चौड़ीकरण न होने से आए दिन जाम लग जाता है। इससे असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। शिकायत के बाद भी ज्वलंत समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
-
कोट
औद्योगिक क्षेत्र ताजोपुर से भदसा मानोपुर तक की सड़क के चौड़ीकरण का का प्रस्ताव शासन को मंजूरी के लिए भेजा गया है। शासन से स्वीकृति मिलने पर आगे की प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी।
सौरभ सिंह, सहायक अभियंता लोकनिर्माण विभाग