मधुबन थाना क्षेत्र के चचाईपार में लगभग एक पखवाड़े पूर्व बैंककर्मी के साथ हुए लूट की घटना का पर्दाफाश करते हुए पुलिस दो बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके पास से लूट की नगदी, कट्टा कारतूस और बाइक बरामद किया है। वहीं अंधेरे का लाभ उठाकर उनके दो सहयोगी फरार हो गए। इनकी तलाश पुलिस द्वारा सरगर्मी से किया जा रहा है।
क्षेत्र के चचाईपार पुलिया के पास बीते 28 जुलाई को एक बैककर्मी से असलहे की नोक पर बदमाशों ने 60 हजार रुपया की लूट कर लिया था। इस मामले में पुलिस मुकदमा दर्ज कर खुलासा के प्रयास में जुटी हुई थी। इसी बीच सोमवार की रात में क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सिंह के दिशा निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक विमल प्रकाश राय अपने हमराही सिपाहियों के साथ बदमाशों की टोह में लगे हुए थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना पाकर सिकड़ीकोल चौराहे पर बदमाशों की घेराबंदी कर उनके आने का इंतजार कर रहे थे और बाइक से जैसे ही वह पहुंचे । पुलिस ने दो को बाइक के साथ गिरफ्तार कर उनके पास से 20 हजार रुपए नकदी, तमंचा और कारतूस बरामद किया है। वहीं अंधेरे का लाभ उठाकर दो बदमाश मौके से फरार हो गए। पकड़े गए बदमाश विनोद यादव निवासी केरमा महरुपुर तथा नुरुल्लाहपुर निवासी उपेन्द्र यादव है। इसमें उपेंद्र यादव ने पिछले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में दरगाह वार्ड से अपने परिवार की महिला को चुनाव लड़ाया था और हार गया था। चुनाव प्रचार में खर्च हुए रकम की भरपाई के लिए उसने लूट की योजना तैयार किया था।