वलीदपुर (मऊ)। मुहम्मदाबाद गोहना रेलवे स्टेशन के पूर्वी रेलवे फाटक के पास रविवार की देर रात ट्रेन की चपेट में आने से एक अधेड़ की मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने शव देखकर इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद शव की शिनाख्त की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के फरीदपुर निवासी विजय कुमार (55) रात में घर से शौच के लिए निकला था। मुहम्मदाबाद गोहना रेलवे स्टेशन के पास स्थित रेलवे क्रासिंग के पास उनका शव मिला। स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक पर शव पड़े होने की सूचना स्टेशन अधीक्षक मुश्ताक अहमद को दी। उनकी सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार वालों में कोहराम मच गया।