मथुरा। जनपद में नशा कारोबार पर अंकुश नहीं लगाया जा पा रहा है। यहां के कारोबारियों के तार दूर-दूर तक जुडे़ हैं, जिसके चलते मथुरा के दो गांजा तस्करों को राजस्थान के अलवर से 5 करोड़ के गांजे सहित लखनऊ एसटीएफ ने पकड़ा है। गिरफ्तार लोगों में 3 अन्य तस्कर भी शामिल हैं।
बताया गया कि लखनऊ एसटीएफ ने एक गुप्त सूचना के आधार पर ओडिशा से राजस्थान के अलवर ले जाया जा रहा 5 क्विंटल गांजा ट्रक से बरामद किया है, जिसके पीछे-पीछे चल रही कार को भी एसटीएफ ने कब्जे में लिया है। ट्रक में गोपनीय कैबिनेट बनाकर 98 बोरियों में अलवर सप्लाई के लिए ले जाया जा रहा था, जिसे पीछा करके एसटीएफ ने बरामद कर लिया है। पकडे़ गए नशा कारोबारियों में मथुरा के सदर निवासी अखिलेश शर्मा और प्रमोद सिंह के अलावा राकेश कुमार यादव निवासी मधुवनी बिहार, रिंकू निवासी गाजियाबाद और लाखन सिंह निवासी जेवर गौतमबुद्वनगर हैं।
ट्रक की निगरानी में चल रही कार भी बरामद हुई है, जो पकड़े गए नशा कारोबारी अखिलेश के नाम से है। एसटीएफ ने इनके पास से 9 मोबाइल फोन, 2 फर्जी ई-वे बिल, 17,200 रुपये नकदी और जीपीएस उपकरण बरामद किए है। पकड़े गए आरोपी राकेश यादव ने बताया कि प्रमोद, अखिलेश काफी समय से इस धंधे से जुडे़ हैं।
अखिलेश इनका प्रमुख सहयोगी है और रिंकू व लाखन सिंह विश्वास पात्र ट्रक चालक है, जो इस कारोबार में प्रति फेरी 1 लाख रुपये चालक और 25 हजार रुपये क्लीनर को दिए जाते हैं। नशा कारोबारियों ने बताया कि ओडिशा में गांजा ढाई हजार से साढे़ तीन हजार रुपये प्रति किलो है, जो दूसरे स्थानों पर 15 से 20 हजार रुपये किलो तक बिक जाता है। इस प्रकार से इस धंधे में मोटा मुनाफा होता है।