मथुरा/फरह। लगातार पैसों की मांग पूरी करते-करते सवा लाख रुपये के कर्ज में डूबे प्रेमी ने प्रेमिका की दो गोलियां दागकर हत्या कर दी थी। उससे पहले प्रेमिका को खेत पर बुलाया था। फरह पुलिस ने 36 घंटे के अंदर हत्याकांड का खुलासा करते हुए हत्यारोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने तमंचा, मृतका का मोबाइल बरामद किया है।
शनिवार को पुलिस लाइन सभागार में एसएसपी डॉक्टर गौरव ग्रोवर ने बताया कि नौ सितंबर को फरह के गांव जमालपुर में नीरज (30) पत्नी धीरेंद्र के सीने और सिर में गोली मारकर हत्या कर दी थी। हत्याकांड के खुलासे में जुटे फरह एसएचओ अवधेश प्रताप सिंह व टीम ने 36 घंटे के अंदर खुलासा करते हुए हत्यारोपी रंजीत मिस्त्री पुत्र चंद्रपाल सिंह निवासी सांदलपुर, सासनी (हाथरस) गिरफ्तार किया है। इसके कब्जे से बाइक, मृतका का मोबाइल, तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।
एसएसपी ने बताया कि लगातार प्रेमिका पैसों की मांग करती थी। इसी के चलते सवा लाख रुपये के कर्ज में डूबने के कारण प्रेमी ने प्रेमिका की गोलियां दागकर हत्या कर दी। एसपी सिटी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि बहन मीना के ससुराल जमालपुर आई प्रेमिका को प्रेमी ने फोन करके ही बुलाया था। खेत पर मिलते वक्त जेवरात की मांग करने लगी थी। ब्लैकमेलिंग से तंग आकर प्रेमी ने यह कदम उठाया।
ससुराल के सामने थी दुकान, पांच साल से था प्रेम प्रसंग
सीओ रिफाइनरी अभिषेक तिवारी ने बताया कि पिछले पांच सालों से दोनों में प्रेम प्रसंग चल रहा था। ससुराल के सामने ही रंजीत की दुकान थी। बाइक मिस्त्री से लगातार पैसों की मांग करती रही। हर बार कर्ज लेकर प्रेमी मांग पूरी करता था। हत्या करने के बाद हत्यारोपी अपने गांव आ गया था।