मथुरा। भगवान श्रीकृष्ण की जन्मस्थली को तीर्थक्षेत्र घोषित किए जाने की खुशी का सामूहिक इजहार राधाष्टमी पर होगा। भगवान की आदिशक्ति श्रीराधारानी के जन्म महोत्सव पर श्रीकृष्ण जन्मस्थान दीपमालाओं से जगमग होगा। श्रद्धालुओं को इस दौरान साक्षात दीपावली की अनुभूति एवं दर्शन होंगे।
शनिवार को श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के सचिव कपिल शर्मा एवं सदस्य गोपेश्वरनाथ चतुर्वेदी ने बताया कि सीएम योगी आदित्यनाथ द्वारा मथुरा को पवित्र तीर्थ घोषित करने के निर्णय से कृष्णभक्त अभिभूत और आनंदित हैं। मथुरा का पवित्र तीर्थ घोषित होना भगवान श्रीकृष्ण की कृपामात्र से ही संभव था। जन्मस्थान प्रांगण में विशाल दीप महोत्सव का आयोजन श्रीराधा जन्माष्टमी 14 सितंबर की शाम सात बजे किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का संकल्प था धर्मरक्षा, राष्ट्ररक्षा। इस वर्ष सीएम योगी आदित्यनाथ द्वारा करोड़ों कृष्णभक्तों की ओर से श्रीकृष्ण जन्ममहोत्सव का संकल्प श्रीठाकुरजी के चरणों में अर्पित किया था। श्रीराधाष्टमी की पूर्व बेला में सीएम की इस घोषणा को धर्मप्रेमीजन श्रीराधा जन्म महोत्सव की भेंट के रूप में देख रहे हैं।