मैनपुरी में एक युवक अपने दोस्त को कोल्ड ड्रिंक पिलाने के बहाने दुकान की तरफ ले गया। वहां पीछे से गर्दन पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद वहां से भाग निकला। युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में रविवार की दोपहर दोस्त ने गर्दन पर चाकू से हमलाकर दिया। इससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। उसे आनन-फानन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करके जानकारी ली।
विज्ञापन
घटना दन्नाहार थाना क्षेत्र के अकबरपुर (भिड़ियापुर) गांव की है। गांव निवासी अनिकेत की सदर कोतवाली क्षेत्र के ब्योंती खुर्द निवासी हिमांशू से अच्छी दोस्ती है। रविवार की दोपहर हिमांशू अकबरपुर गांव आया था। उसने अनिकेत से मुलाकात की और उसे कोल्ड ड्रिंक पिलाने की बात कहकर अपने साथ लालपुर बंबा के पास स्थित दुकान की तरफ ले गया।
गर्दन पर चाकू से पीछे से वार कर दिया
यहां दोनों ने साथ में कोल्ड ड्रिंक की। इसी बीच हिमांशू ने चाकू निकाला और अनिकेत की गर्दन पर पीछे से वार कर दिया। इससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर गया। चीख पुकार सुनकर लोग उधर की तरफ भागे। जब तक लोग हिमांशू को पकड़ते तब तक वह भाग निकला। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस व परिजन को दी।
मेडिकल कॉलेज, सैफई रेफर
सूचना पर परिजन भागते हुए मौके पर पहुंचे। घायल को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। यहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज, सैफई के लिए रेफर कर दिया गया। उधर सूचना पर सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौका मुआयना करके जानकारी जुटाई। मौजूद लोगों से बात करके जानकारी ली। सीओ ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अभी तहरीर नमहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।