स्कूल चलो अभियान के तहत रैली निकालते बच्चे।
- फोटो : MAHOBA
कुलपहाड़ (महोबा)। कस्बे के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के बच्चों ने स्कूल चलो अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली।
इस दौरान हाथों में तख्तियां लिए बच्चे मम्मी-पापा हमें पढ़ाओ स्कूल जाकर नाम लिखाओ, घर-घर शिक्षा दीप जलेगा अंधकार अज्ञान मिटेगा, लड़का-लड़की एक समान शिक्षा से दोनों बनेंगे महान आदि नारों से जागरूक करते रहे।
रैली का शुभारंभ खंड विकास अधिकारी गौरव शुक्ला व चेयरमैन वंदना सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया। रैली विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी।
अभिभावकों से अपने-अपने बच्चों का विद्यालय में दाखिला कराने की अपील की गई। रैली में कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय, नवीन प्राथमिक विद्यालय गोंदी चौराहा, प्राथमिक विद्यालय लोहिया नगर, प्राथमिक विद्यालय कठबरिया, सोनकपुरा, किशोरगंज, सतियनपुरा आदि विद्यालयों के बच्चों ने प्रतिभाग किया।
इस मौके पर चेयरमैन प्रतिनिधि अमित प्रताप, सुभाषचंद्र तिवारी, सुधीर व्यास, राकेेश सक्सेना, शब्बीर मंसूरी समेत विद्यालयों के शिक्षक व छात्र-छात्राएं शामिल रहे।