कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन करते मोहल्लेवासी।
- फोटो : MAHOBA
महोबा। शहर के मोहल्ला कठकुलवापुरा स्थित रामकुंड के समीप रास्ते और नाले पर कब्जा होने से मोहल्लेवासी परेशान हैं। सोमवार को कई लोगों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। बाद में डीएम को ज्ञापन सौंपकर दबंगों के खिलाफ कार्रवाई और उखड़ी सड़क का निर्माण कराने की मांग की।
कठकुलवापुरा निवासी योगेश यादव, उमाकांत, नंदू, बेनीबाई, विद्यारानी, छुन्ना समेत तमाम लोगों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। नारेबाजी के बाद डीएम मनोज कुमार को ज्ञापन सौंपा। इसमें बताया कि शंकर यादव के मकान से सभासद मुन्ना यादव के घर तक जाने वाले कच्चे रास्ते और चंदन तलैया तक जाने वाले नाले पर दबंग कब्जा किए हैं।
शिकायत पर सिंचाई विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर आकर मुआयना किया था। नाले व कच्चे रास्ते पर कब्जे की पुष्टि करते हुए डीएम को रिपोर्ट भेजी थी, लेकिन कोई कार्रवाई न होने से दबंगों के हौसले बुलंद हैं और सड़क व नाले पर कब्जा जमाए हैं।
इससे लोगों को आवाजाही में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने जांच कराकर कब्जा हटवाने और सड़क का निर्माण कराने की मांग की है।