महोबा। जिला पंचायतराज अधिकारी संतोष कुमार ने गुरुवार को ग्राम पंचायत छिकहरा का निरीक्षण किया। पंचायत भवन में काफी गंदगी मिली। उन्होंने सफाई कर्मी बलराम के लापरवाही बरतने पर सफाई कर्मी का एक दिन का वेतन रोक दिया। साथ ही सचिव सर्वेश मिश्रा और ग्राम प्रधान गीता राजपूत को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया।
निरीक्षण में जिला पंचायतराज अधिकारी को पता चला कि पंचायत भवन में अभी तक कंप्यूटर और अन्य उपकरण नहीं खरीदे गए हैं। प्रधान एवं सचिव को तत्काल इसे करने के निर्देश दिए गए।
पंचायत भवन परिसर में व्यक्तिगत सामान रखा था, उसे तत्काल हटाने के निर्देश दिए। सार्वजनिक शौचालय में विद्युत का कनेक्शन नहीं मिला और अभी पानी की उपलब्धता भी नहीं थी।
प्रधान और सचिव को तत्काल पंचायत भवन और सामुदायिक शौचालय में विद्युत कनेक्शन लेने के निर्देश दिए गए। सामुदायिक शौचालय के पास सोलर पंप खराब पड़ा है, जिसे ठीक कराने के लिए कहा गया।
गांव में गलियों की सफाई ठीक ढंग से नहीं होने पर सफाई कर्मी का प्रतिदिन गलियों का रोस्टर बनाने के लिए कहा गया। गांव में हैंडपंप खराब होने की शिकायत पाई गई जिसे प्रधान को तत्काल तीन दिन में ठीक कराने के निर्देश दिए गए।
पंचायत भवन में बाउंड्री अधूरी मिली, इसे तीन दिन में बनवाना शुरू कराने का निर्देश दिए गए। डीपीआरओ ने बताया कि कार्य में लापरवाही पर सफाईकर्मी का एक दिन का वेतन रोका गया और सचिव व प्रधान को नोटिस जारी किया गया है।