खन्ना (महोबा)। विकासखंड कबरई के मवईखुर्द गांव में आयोजित दंगल में पहलवानों ने दाव पेंच दिखाए। सर्वाधिक इनाम 2100 रुपये वाली कुश्ती में अयोध्या के पहलवान राहुल दास ने कानपुर के अंकित को पटकनी देकर जीत दर्ज की। महिला पहलवानों ने भी दंगल मं हिस्सा लिया। आयोजन समिति की ओर से विजेता पहलवानों को शील्ड व नकद धनराशि देकर पुरस्कृत किया।
शुभारंभ आयोजक ग्राम प्रधान विपिन सिंह ने फीता काटकर किया। पहली कुश्ती मसगांव के पहलवान मेघनंद व मेरठ के मौनी के बीच हुई। दस मिनट तक चली जोर आजमाइश के बाद मेघनंद ने जीत दर्ज की। मझगांव के जीतेंद्र पहलवान ने फतेहपुर के अभिषेक को धूल चटाई। झांसी के अंकित पहलवान ने दिल्ली के मानसिंह को चित कर कुश्ती जीती। मथुरा के विवेक ने अलीगढ़ के विवेक पहलवान को हराया।
धौहल के अमर सिंह व झांसी के रामजी के बीच हुई कुश्ती बराबरी पर छूटी। दंगल में महिला पहलवानों ने भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। टेड़ा की प्रीति ने कानपुर की सुमन को हराया। इस मौके पर बृजेंद्र सिंह, पुष्पेंद्र पाल, मानकी यादव, थाना प्रभारी राधेश्याम वर्मा समेत आसपास के गांवों के सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।