एटीएम केंद्र से हंगामा कर रहे फील्ड ऑफिसर को बाहर निकालते पुलिसकर्मी।
- फोटो : MAHOBA
बेलाताल (महोबा)। भारतीय स्टेट बैंक शाखा जैतपुर में बैंक के फील्ड ऑफिसर ने हंगामा करते हुए उपभोक्ताओं के साथ अभद्रता व गाली-गलौज की। बैंक के बाहर एटीएम से रुपये निकाल रहे लोगों से अभद्रता करने की शिकायत पर पहुंची पुलिस ने फील्ड ऑफिसर को बाहर निकालकर मामला शांत कराया। पीड़ित उपभोक्ता ने बेलाताल चौकी में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
मंगरौलकलां गांव निवासी रविंद्र कुमार ने चौकी बेलाताल में तहरीर देकर बताया कि वह बैंक में रुपये निकालने आया था। तभी बैंक में तैनात फील्ड ऑफिसर हंगामा करने लगा। कुछ ग्राहकों के विरोध किया तो गाली गलौज की। उसने गाली देने से मना किया तो अभद्रता करते हुए बाहर एटीएम में पहुंच गया। वहां रुपये निकाल रहे लोगों के साथ अभद्रता की।
मौके पर पहुंची पुलिस ने फील्ड ऑफिसर को एटीएम से बाहर निकाल मामला शांत कराया। रविंद्र कुमार ने फील्ड ऑफिसर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। एसबीआई के शाखा प्रबंधक अरुण कुमार का कहना है कि बैंक व एटीएम के अंदर फील्ड ऑफिसर द्वारा हंगामा करने की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी गई है। उच्चाधिकारियों के आदेश पर फील्ड ऑफिसर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।