600 गन्ना किसानों को होली का तोहफा, चार करोड़ का हुआ भुगतान
महराजगंज। अपने गन्ने की उपज को मिल को आपूर्ति करने के बाद भुगतान का इंतजार कर रहे किसानों को आईपीएल चीनी मिल ने होली का तोहफा दिया है। 600 गन्ना किसानों को चार करोड़ से अधिक का भुगतान किया गया है।
जिला गन्ना अधिकारी जगदीश चंद्र यादव ने बताया कि आईपीएल चीनी मिल सिसवा पर किसानों का कुल लगभग दस करोड़ रुपये(14 दिन पूर्व तक) का बकाया चल रहा है। होली पर्व के दृष्टिगत किसानों को धनराशि का इंतजार था। बुधवार को मिल के जिम्मेदारों ने 600 किसानों को चार करोड़ से अधिक की धनराशि का भुगतान कर दिया है। भुगतान होने से किसानों को राहत मिलेगी। अभी भी मिल पर लगभग छह करोड़ से अधिक का बकाया है, जिसे तीव्र गति से भुगतान करने को लेकर जिम्मेदारों को निर्देश दिया गया है।
बकाया भुगतान की कार्ययोजना प्रस्तुत करें मिल के जिम्मेदार
जिला गन्ना अधिकारी जगदीश चंद्र यादव ने बुधवार को अपने कार्यालय कक्ष में मिल के जिम्मेदारों के साथ बैठक की तथा बकाया भुगतान की कार्ययोजना को भी अविलंब प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि गड़ौरा मिल के जिम्मेदार इस कार्य को पूरी तत्परता से करना सुनिश्चित करें। इस दौरान सिसवा के महाप्रबंधक कर्मवीर सिंह, गड़ौरा के महाप्रबंधक विश्वामित्र सिंह आदि मौजूद रहे।