35 हेक्टेयर में होगी हाइब्रिड सब्जी की खेती
महराजगंज। उद्यान विभाग द्वारा जिले में इस बार खरीफ सीजन में भी 35 हेक्टेयर में हाइब्रिड सब्जी की खेती कराई जाएगी। सब्जी की खेती से किसान जहां आत्मनिर्भर बनेंगे, वहीं वे दूसरे किसानों को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगे। सब्जी की खेती से जिले के लगभग 100 से अधिक किसानों को लाभान्वित किया जा सकेगा।
कृषि प्रधान जिले महराजगंज में सब्जी की खेती को बढ़ावा देने को लेकर उद्यान विभाग द्वारा नियमित तौर पर प्रयास किया जाता है। वैसे तो मौसमी सब्जी की खेती यहां हर सीजन में होती है, मगर हाइब्रिड खेती के विकास को लेकर भी प्रयास किया जाता है। इस बार खरीफ सीजन में भी 35 हेक्टेयर में हाइब्रिड सब्जी की खेती कराए जाने का निर्णय लिया गया है। उद्यान विभाग द्वारा इस बार खरीफ में शिमला मिर्च, गोभी, खीरा, लौकी, नेनुआ, करैला, टमाटर, पातगोभी आदि सब्जियों की खेती को बढ़ावा देने का कार्य किया जाना है। 35 हेक्टेयर में किए जाने वाले हाइब्रिड खेती के तहत 100 से अधिक किसानों को लाभान्वित किए जाने का भी लक्ष्य है। प्रभारी जिला उद्यान अधिकारी विकास श्रीनेत ने बताया कि हाइब्रिड सब्जी की खेती के लिए किसानों को चयनित किए जाने की प्रक्रिया जारी है।
20 हजार प्रति हेक्टेयर की दर से मिलेगा अनुदान
उद्यान विभाग द्वारा 20 हजार प्रति हेक्टेयर की दर से किसानों को अनुदान दिए जाने की योजना है। इसमें से 10 हजार रुपये बीज आदि के लिए अनुदान पर मिलते हैं, जबकि लगभग 10 हजार रुपये सब्जी को बेहतर ढंग से रखने के लिए कैरेट आदि की खरीद के लिए दिए जाते हैं।