बीएड प्रवेश परीक्षा आज, 2700 अभ्यर्थी पंजीकृत
महराजगंज। जिले के सात केंद्रों पर शुक्रवार को प्रस्तावित बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए 2700 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। सात केंद्रों पर दो पालियों में होने वाली परीक्षा को नकल विहिन संपन्न कराने के लिए तैयारी पूरी कर ली गई है।
बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए जिले के जवाहर लाल नेहरु पीजी कॉलेज, जीएसवीएस इंटर कॉलेज तथा डॉ. भीमराव आंबेडकर राजकीय महाविद्यालय में 500-500 अभ्यर्थी, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, नवोदय विद्यालय, राजकीय पॉलीटेक्निक तथा महराजगंज इंटर कॉलेज में 300-300 अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा के इंतजाम किए गए हैं। इन केंद्रों पर सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक प्रथम पाली तथा दोपहर दो बजे से शाम 5 बजे तक दूसरी पाली की परीक्षा होगी। परीक्षा को बेहतर ढंग से संपन्न कराने के लिए डीएम की अध्यक्षता में समिति गठित की गई है। इसमें नोडल अधिकारी, नोडल पर्यवेक्षक तथा जिला विद्यालय निरीक्षक को शामिल किया गया है। नोडल अधिकारी डॉ. विनोद कुमार पाल ने बताया कि परीक्षा के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई है।
बीएड प्रवेश परीक्षा संपन्न कराने के लिए प्रत्येक केंद्र पर दो-दो पर्यवेक्षक तैनात किए जाएंगे। प्रत्येक दो केंद्र पर एक केेंद्र प्रतिनिधि की तैनाती की गई है। पंजीकृत अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने के आधे घंटे पहले संबंधित केंद्र पर पहुंचना होगा। अभ्यर्थियों को अपने साथ प्रवेश पत्र की छायाप्रति के साथ आवेदन के दौरान प्रयुक्त की गई एक फोटो तथा पहचान पत्र एवं उसकी छायाप्रति को साथ लाना होगा।
डबल लॉक में रखा गया है प्रश्नपत्र
बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए भेजा गया प्रश्नपत्र बृहस्पतिवार को कोषागार के डबल लॉक में रखवा दिया गया। इसे परीक्षा शुरू होने से पूर्व सभी केंद्रों पर भेजा जाएगा।
‘शुचितापूर्ण कराएं प्रवेश परीक्षा’
महराजगंज। डीएम डॉ. उज्ज्वल कुमार ने जिले के सात परीक्षा केंद्रों पर शुक्रवार को होने वाली बीएड की प्रवेश परीक्षा को शुचितापूर्ण, नकलविहीन व मानकों के तहत कराने के निर्देश दिए हैं।
डीएम कलेक्ट्रेट सभागार में बीएड व अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर आयोजित बैठक का संबोधित कर रहे थे। उन्होंने स्थानीय अभिसूचना इकाई व विशेष दस्तों को ऐसे लोगों पर सतर्क नजर रखने को कहा गया है, जो परीक्षा की शुचिता को प्रभावित कर सकते हैं। एएसपी निवेश कटियार ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षकों को अभ्यर्थियों की पहचान सुनिश्चित करनी होगी। इस दौरान एडीएम कुंज बिहारी अग्रवाल, अपर एसडीएम मोहम्मद जसीम, नोडल अधिकारी डॉ. विनोद कुमार पाल, बीएसए ओमप्रकाश यादव समेत सेक्टर मजिस्ट्रेट व पर्यवेक्षक मौजूद रहे। संवाद
प्रशिक्षित स्नातक की परीक्षा कल से
महराजगंज। प्रशिक्षित स्नातक की परीक्षा 7 और 8 अगस्त को जिले के चार परीक्षा केंद्रों पर होगी। इस परीक्षा के लिए 5327 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया कि जिले में प्रशिक्षित स्नातक की परीक्षा सुबह 9:30 से 11:30 बजे तथा दोपहर 2:30 से 4:30 बजे तक होगी। 7 अगस्त की परीक्षा में चारों केंद्र पर प्रथम पाली में 1424 व द्वितीय पाली में 933 तथा 8 अगस्त को प्रथम पाली में 1544 तथा दूसरी पाली में 1426 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। उन्होंने बताया कि परीक्षा को बेहतर ढंग से संपन्न कराने के लिए 50 प्रतिशत कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी विभाग तथा 50 प्रतिशत कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी जिला प्रशासन ने लगाई हे। अतिरिक्त मजिस्ट्रेट मोहम्मद जसीम को परीक्षा के लिए नोडल अधिकारी बनाया गया है। संवाद