प्रथम चरण के अभियान में टीबी के लक्षण वाले 59 व्यक्ति मिले
31 अक्तूबर तक आयोजित होंगी एसीएफ एवं निक्षय पोषण योजना के तहत गतिविधियां
महराजगंज। बीते दो सितंबर से जिले में राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत एक्टिव केस फाइंडिंग( एसीएफ) एवं निक्षय पोषण योजना के तहत गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। दो से छह सितंबर तक चले पहले चरण के अभियान में 2661 लोगों की स्क्रीनिंग हुई, जिसमें से टीबी के लक्षण वाले 59 लोगों चिन्हित किए गए, जिनकी जांच की गई। इसमें एक मरीज मिला।
उप जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. राकेश श्रीवास्तव ने बताया कि उक्त अभियान चार चरणों में चलेगा। पहला चरण समाप्त हो गया है। पहले चरण में 2661 लोगों की स्क्रीनिंग की गई। स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर कर क्षय रोगियों को चिन्हित कर रहे हैं। सितंबर माह में सब्जी मंडी, फल मंडी, मजदूर मार्केट, निर्माणाधीन प्रोजेक्ट, ईंट भट्ठे, साप्ताहिक बाजार आदि स्थानों पर लोगों की स्क्रीनिंग होगी। इस दौरान 31 अगस्त तक पंजीकृत क्षय रोगियों का लंबित भुगतान भी किया जाएगा। चौथे चरण में पहली से 31 अक्तूबर तक निजी अस्पतालों से संपर्क तथा निक्षय पोषण योजना के तहत लाभार्थियों को डीबीटी( डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से भुगतान किया जाएगा। जिला कार्यक्रम समन्वयक हरिशंकर त्रिपाठी ने बताया कि वृद्धा आश्रम के 68, जिला कारागार के 298, नवोदय विद्यालय के 47 तथा 47 मदरसों के 2248 लोगों की स्क्रीनिंग की गई, जिसमें से 59 लोग टीबी के लक्षण वाले मिले। जिनकी जांच कराई गई। जेल में एक व्यक्ति धनात्मक क्षय रोगी मिला। जिसका इलाज शुरू कर कर दिया गया है।