ललितपुर। तीन दिन से हो रही बारिश के चलते कस्बा जखौरा क्षेत्र से निकली खैड़र नदी उफान पर है। बृहस्पतिवार की शाम को जब पुल पर करीब तीन से चार फीट पानी बह रहा था, इसी दौरान एक ऑटो उफनती खैड़र नदी के पुल को पार करते समय पानी में बह गई। इसमें सवार ऑटो चालक व एक सवारी ऑटो से निकलकर किसी प्रकार पानी से बाहर निकल आए।
थाना जखौरा क्षेत्र अंतर्गत जखौरा से तालबेहट रोड पर स्थित खैड़र नदी लगातार दो दिन से हो रही बारिश के चलते उफान पर आ गई और पुल के ऊपर से पानी जाने के कारण आवागमन भी बाधित हो गया। लेकिन, क्षेत्र के बहुत से लोग उफनती व पुल से कई फीट ऊपर से बह रही नदी के पुल से निकलने का प्रयास करते हैं। ऐसा ही दुस्साहस एक ऑटो चालक ने किया, जिसके साथ एक सवारी भी बैठी थी। बृहस्पतिवार की शाम को करीब साढ़े तीन से चार बजे के मध्य एक ऑटो सवार उफनती नदी के पुल से निकलने का प्रयास कर रहा था। जब ऑटो बीच पुल पर पानी के मध्य पहुंचा तो चालक पुल पर तीन फुट ऊपर बह रहे पानी के प्रवाह के बीच आटो को संभाल नहीं सका और ऑटो पानी में बह गया। यह देख ऑटो चालक व उसमें सवारएक अन्य व्यक्ति तत्काल ऑटो से कूद गए और किसी प्रकार अपनी जान बचाई, जबकि देखते ही देखते ऑटो नदी में बहने के बाद कुछ ही दूरी पर ड्रूब गया। यह दृश्य देखकर लोग चीखने चिल्लाने लगे और कुछ लोग उसकी मदद को आगे भी बढ़े, लेकिन तब तक दोनों लोग ऑटो से बाहर आ गए, तब लोगों ने राहत की सांस ली।
--------
पैदल व वाहनों के निकलने का दिन भर चलता रहा सिलसिला
कस्बा जखौरा में खैड़र नदी के पुल पर तीन से चार फुट ऊपर पानी होने के बाद भी स्थानीय व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोग अपनी जान की परवाह किए बिना ही पैदल या अपने वाहनों से निकलने का प्रयास करते रहे, लेकिन यहां उन्हें कोई रोकने टोकने वाला भी नहीं था। ऐसे में नदी उफान पर होने के चलते पुल से निकलते समय यहां कोई गंभीर हादसा होने की संभावना बनी रही। गनीमत रही कि ऑटो में सवार चालक व अन्य व्यक्ति सुरक्षित बाहर निकल गए, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। वहीं इस मामले में थानाध्यक्ष जखौरा अमर बहादुर सिंह ने बताया कि खैड़र नदी के पुल के ऊपर से पानी बह रहा है। इसी दौरान एक ऑटो चालक पुल से ऑटो निकाल रहा था और ऑटो पुल के मध्य में पहुंचकर पानी की धार में बह गया। जबकि, ऑटो में सवार दोनों लोग सुरक्षित बाहर निकल आए।