ललितपुर। बिजली विभाग में लाइनमैन जान जोखिम में डालकर काम कर रहे हैं। एक वर्ष से अधिक समय से संविदा पर कार्यरत लाइनमैनों को टूल किट नहीं दी गई है। जिससे उन्हें खंभों और मशीनों पर काम करने के दौरान खतरा बना रहता है। बीते दो दिन पहले मिर्चवारा सब स्टेशन पर 33 केवी लाइन का काम करने के दौरान एक लाइनमैन के हाथ में इंसुलेटर से कटने से चोट आ गई। जिसका उपचार कराया गया।
जिले में विभिन्न विद्युत सब स्टेशनों पर संविदा पर करीब सवा सौ से लाइनमैन कार्यरत हैं। हर मौसम में वे साइकिल व सीढ़ियां लेकर खंभों पर चढ़कर विद्युत फाल्ट सुधारने में लगे रहते हैं और लोगों को बिजली आपूर्ति मुहैया कराने में अहम भूमिका निभाते हैं। वहीं बिजली विभाग द्वारा संविदा कर्मियों से काम लेने से पूर्व टेंडर में ठेकेदार से पूर्ण टूल किट के साथ सभी सुरक्षा उपाय मुहैया कराने की शर्त रखी जाती है। सभी संविदा कर्मियों को प्लास, ग्लव्स, हैंड कैप समेत तमाम सुरक्षा के लिए टूल किट देने का नियम है। लेकिन जिले में काम कर रहे लाइनमैनों को एक साल से टूल किट उपलब्ध नहीं कराई गई है। उन्हें जो सुरक्षा किट पहले दी गई थी, वह खराब हो गई है। ऐसे में उन्हें बिना सुरक्षा उपकरणों के खंभे पर चढ़कर एलटी लाइन के साथ 11 एवं 33 हजार केवी विद्युत लाइन के फाल्ट को सुधारना होता है। इससे हमेशा जान का जोखिम बना रहता है।
बीते दो दिन पहले 33 केवी सब स्टेशन मिर्चवारा में 33 केवी विद्युत लाइन का फाल्ट ठीक करते समय लाइनमैन अशोक का हाथ इंसुलेटर से कट गया था, जिससे वह घायल हो गया था। जिस पर साथी लाइनमैन कर्मचारियों ने उसे अस्पताल ले जाकर उपचार कराया। यह पहली घटना नहीं है, जबकि किसी लाइनमैन को चोट आई है। इससे पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। जिनमें विभागीय एवं ठेकेदारों की लापरवाही के चलते लाइनमेनों की मौतें तक हो चुकी हैं, जबकि कई कर्मचारी बिना सुरक्षा उपकरण के काम करने के दौरान झुलस चुके हैं। इसके बाद भी विभाग और ठेकेदार कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए गंभीर नहीं हैं।