कैप्सन - 1- टावर पर चढ़ा किसान 2-किसान को समझाते एसडीएम
- फोटो : TALDEHATE
भुचेरा/तालबेहट (ललितपुर)। अपनी भूमि की सरकारी नाप कराने के बाद उस पर विधिवत कब्जा पाने के लिए परेशान एक किसान शुक्रवार को सुबह आत्महत्या करने के इरादे से गांव में बने बिजली के टावर पर चढ़ गया। जानकारी के बाद एसडीएम एसपी सिंह मौके पर गए और किसान को उसकी समस्या के निदान का भरोसा देकर उतरवाया। उन्होंने मौके पर ही किसान की समस्या का निदान भी कराया। किसान का आरोप था कि राजस्व कर्मी उसकी जमीन की नाप नहीं कर रहे, उससे पैसे मांगे जा रहे। जमीन पर दबंग कब्जा किए हुए हैं।
थाना पूराकलां के अंतर्गत ग्राम एवनी निवासी किसान भैयालाल ने कई वर्ष पहले अपनी जमीन की हदबंदी एवं पत्थरगढ़ी न्यायालय से पुष्ट करवा ली थी। इसके बावजूद राजस्व कर्मचारी हदबंदी शुदा जमीन की नाप नहीं दे रहे थे। आरोप है कि जमीन पर काबिज लोग उससे पैमाइश की बात कहकर उसकी जमीन से कब्जा नहीं हटा रहे। इससे वह काफी परेशान था।
आरोप यह भी है कि तीन दिन पहले उसने एसडीएम को शिकायती पत्र देकर अपनी समस्या से अवगत कराया था लेकिन राजस्व कर्मचारी और पैसा मांग रहे थे। इसके विरोध में पीड़ित किसान शुक्रवार को गांव में स्थित विद्युत टावर पर आत्महत्या करने के लिए चढ़ गया। इससे परिवार में चीख पुकार मच गई। जानकारी पर एसडीएम एसपी सिंह और थानाध्यक्ष पूराकलां मौके पहुंचे और किसान को समझाया। जिसके बाद वह नीचे आ गया। पीड़ित किसान का कहना है कि उसने अपने जेवर गिरवी रखकर राजस्व कर्मचारियों को बीस हजार रुपये दिए है। वह उससे दस हजार रुपये की और मांग कर रहे थे। वह उनकी मांग पूरी करने में असमर्थ है।
वहीं दबंग उसकी जमीन से कब्जा नहीं छोड़ रहे। जिसके बाद एसडीएम ने मौके पर ही राजस्व कर्मचारियों को बुलवाकर उसकी जमीन की नाप करवाकर उसे कब्जा देकर उसकी समस्या का निदान किया। एसडीएम ने बताया कि इस मामले में जांच करा रहे हैं यदि पीड़ित की शिकायत सही पाई गई तो दोषी राजस्व कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कैप्सन - 1- टावर पर चढ़ा किसान 2-किसान को समझाते एसडीएम- फोटो : TALDEHATE