मड़ावरा। मकान के पीछे बाड़े में खड़े पेड़ को काटने को लेकर दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद लाठी-कुल्हाडी चलने के बाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। घटना में दोनों पक्षों की तरफ से छह लोग घायल हो गए, इनमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
थाना मड़ावरा के अंतर्गत चौका में कारसदेव मंदिर के पास रहने वाले नारायण अपने घर के पीछे खड़े पेड़ों की डालें छांट रहा था, तभी उसके चचेरे भाई रज्जू, माते आदि आकर गाली-गलौज करने लगे। जिसका नारायण ने विरोध किया तो उन लोगों ने उस पर लाठियों से हमला कर दिया। घायल नारायण की पत्नी राजकुमारी ने बताया कि चीख-पुकार सुनकर वह और नारायन के चाचा सिल्लू, चाची लच्छी बीच-बचाव करने पहुंचे तो विपक्षियों द्वारा उनके साथ भी मारपीट कर दी और नारायण के सिर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया जिससे वह वहीं बेहोश होकर गिर गया। दोनों पक्षों की ओर से छह लोग घायल हो गए।
सूचना मिलने पर डायल 112 पीआरवी एवं एंबुलेंस की सहायता से घायलों को उपचार हेतु स्वास्थ्य केंद्र पर लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने नारायण को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
क्रॉस एनसीआर दर्ज
मड़ावरा। चौका में दो पक्षों के बीच हुए संघर्ष में कुल्हाड़ी से हमला किया गया। मेडिकल परीक्षण में चिकित्सकों द्वारा घायल नारायण को सिर में गंभीर चोट के चलते उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहीं मामले में थाना पुलिस द्वारा दोनों पक्षों की ओर से रंबू पत्नी माते की तहरीर पर सिल्लू पुत्र बारेलाल, नारायन पुत्र बाबू पाल और लच्छी पत्नी सिल्लू पाल की तहरीर पर रज्जू पाल, हरचरन पुत्रगण माते, रंबू पत्नी माते तथा फुल्लो पत्नी रज्जू के खिलाफ एनसीआर दर्ज की है।