नारंग स्कूल की दीवार पर नोटिस चस्पा करते वन विभाग के लोग।
इंकार करने वाले लोगों के नोटिस प्राथमिक स्कूल की दीवार पर किए चस्पा
दुधवा टाइगर रिजर्व बफरजोन की मैलानी रेंज में अतिक्रमण का मामला
बांकेगंज। दुधवा टाइगर रिजर्व बफरजोन की मैलानी रेंज में वन भूमि पर अतिक्रमण करने वाले 60 लोगों को नोटिस जारी किए हैं। इन अतिक्रमणकारियों ने जब नोटिस लेने से इनकार किया तो नोटिस नारंग के प्राथमिक स्कूल की दीवार पर चस्पा कर दिए गए।
बफरजोन मैलानी रेंज के सलावतनगर (नारंग) में करीब 60 लोगों ने 60 हेक्टेयर वन भूमि पर अतिक्रमण कर रखा है। वे लंबे अरसे से इस भूमि पर खेती करते आ रहे हैं। वन विभाग ने वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए सभी 60 अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किए हैं।
फॉरेस्टर एसके त्रिपाठी वन कर्मियों की टीम के साथ बृृहस्पतिवार को जब सलावतनगर (नारंग) नोटिस तामील कराने पहुंचे तो अतिक्रमणकारियों ने नोटिस लेने से इनकार कर दिया। इस पर वन कर्मियों ने गवाहों की मौजूदगी में नारंग प्राथमिक स्कूल की दीवार पर नोटिस चस्पा कर दिए।
दुधवा टाइगर रिजर्व बफरजोन उपनिदेशक सुंदरेशा ने बताया कि नोटिस में दिए समय पर यदि अतिक्रमणकारी वन भूमि खाली नहीं करते हैं तो उनसे नपत कराकर जबरन भूमि खाली कराई जाएगी। साथ ही अतिक्रमणकारियों से इस भूमि पर अब तक उगाई गई फसल के मूल्य की भी वसूली होगी।