चोरी की पांच बाइक बरामद, तीन गिरफ्तार
बहराइच बेचने ले जाते समय पुलिस ने दबोचा
सदर कोतवाली पुलिस ने अंतरजनपदीय बाइक चोर गैंग का खुलासा करते हुए तीन युवकों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपी अलग-अलग बाइकों पर सवार होकर बाइक बेचने पड़ोसी जिला बहराइच जा रहे थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दो अन्य बाइकें भी बरामद की हैं। पुलिस बरामद बाइकों की जांच कर रही है।
सीओ सिटी एमपी सिंह ने खुलासा करते हुए बताया कि रविवार को मुखबिर ने सूचना दी थी कि कुछ लोग चोरी की तीन बाइकें बिक्री करने बहराइच ले जाने की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस ने रमई पुल के पास घेराबंदी की। सायं करीब छह बजे अलग-अलग बाइकों पर सवार होकर तीन युवक निकले। जिन्हें पुलिस ने रोक कर जब बाइकों के कागजात मांगे तो आरोपी कोई कागज नहीं दिखा सके। जिस पर पुलिस तीनों आरोपियों को बाइक समेत पकड़कर कोतवाली लाई और नाम-पते पूछे। आरोपियों ने पूछताछ के दौरान अपना नाम हसन उर्फ टोपी लाल, गुफरान निवासी जुगनूपुर थाना धौरहरा जिला लखीमपुर खीरी और राहुल तिवारी निवासी पिपरावा थाना महोली जिला सीतापुर बताया। पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की तो तीनों आरोपी टूट गए और बाइकें चोरी की होने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उनके कब्जे से एक हॉडा साइन, एक हीरो हांडा सीडी डीलक्स और एक बजाज प्लेटिना कब्जे में ले ली। पुलिस ने तीनों आरोपियों की निशानदेही पर सिंचाई विभाग रमई कॉलोनी के खंडहर में खड़ी चोरी की दो अन्य एक बजाज प्लेटिना और एक सुपर स्पलेंडर बरामद की।
सीओ सिटी ने बताया पकड़े गए आरोपी अंतरजनपदीय चोर हैं। जिन्होंने पड़ोसी जनपदों से भी बाइकों को चोरी कर बेचने की बात स्वीकार की है। बरामद बाइकों के मालिकों का चेसिस और इंजन नंबर से पता लगाया जा रहा है।