पसगवां (लखीमपुर खीरी)। कोतवाली क्षेत्र में ग्राम शिवपुरी के निकट बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर बाइक, जेवर और मोबाइल लूट लिया और फरार हो गए।
जिला शाहजहांपुर कोतवाली सिंधौली के ग्राम उल्लिया निवासी बलराम पाल अपनी बहन सीमा देवी पत्नी राम रहीस पाल को बाइक से लेकर बनका गांव आ रहा था। पसगवां कोतवाली के ग्राम शिवपुरी के निकट पीछे से बाइक से आए दो बदमाशों ने ओवरटेक करके बलराम की बाइक रोक ली और तमंचा दिखाकर बलराम से बाइक, मोबाइल और सीमा से कान के झाले लूट लिए और फरार हो गए।
लूट के शिकार हुए बलराम पाल और सीमा किसी तरह बनकागांव पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घटना की जानकारी ली। बदमाशों की तलाश में कांबिंग की लेकिन उनका पता नहीं चल सका। घटना मंगलवार दिन में लगभग 12 बजे की है। उचौलिया चौकी प्रभारी राहुल सिंह गौर ने बताया कि घटना की रिपोर्ट बलराम पाल की तहरीर पर दर्ज कर ली गई है। पुलिस बदमाशों का सुराग लगाने का प्रयास कर रही है। संवाद