तिकुनिया। थाना सिंगाही क्षेत्र के गांव दलराजपुर में बाइक सवार युवक को जंगली हाथी ने कुचलकर मार डाला। बृहस्पतिवार को युवक मंगत सिंह (21) बाइक से अपने घर मझरा पूरब आ रहा था।
मझरा पूरब निवासी 21 वर्षीय मंगत सिंह पुत्र कक्का सिंह किसी काम के सिलसिले में दलराजपुर गांव गए थे। वह अपना काम निपटाकर दोपहर बाद करीब 3:30 बजे लौट रहा थे। रास्ते में एक गन्ने के खेत से निकले जंगली हाथी ने मंगत सिंह पर हमला कर दिया। इसके बाद पैर से कुचलकर उन्हें मार डाला। सूचना मिलने पर गांव के लोग मौके पर पहुंचे और शोर मचाकर हाथी को खदेड़ा। साथ ही पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों को सूचना दी। सिंगाही थाना प्रभारी राजकुमार ने मौके पर पहुंच कर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना की सूचना मिलते ही मंगत के परिवार में कोहराम मच गया।
इससे पूर्व भी हो चुके हैं हाथी के हमले
मंझरा पूरब जंगल के हाथी ने सात साल पहले ग्राम चोगुर्जी निवासी मनोहर पुत्र सौकी को पटक-पटककर मार डाला था। इसके बाद यह दूसरी घटना ग्राम दरलाजपुर में हुई है। रेंजर विमलेश कुमार ने बताया कि हाथी को खदेड़कर जंगल भेजा जाएगा। इसके लिए एक टीम पहले से वनचौकी मझरा पूरब में तैनात है। मृतक मंगत सिंह के परिवार को नियमानुसार वन विभाग से सहायता दिलाई जाएगी।