लखीमपुर खीरी। बीएड प्रवेश परीक्षा शुक्रवार को शांति पूर्वक और नकलविहीन संपन्न हुई। पंजीकृत 5299 परीक्षार्थियों ने 13 केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा दी। पहली पॉली में 486 और दूसरी में 483 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
बीएड प्रवेश परीक्षा के डिप्टी नोडल अधिकारी एवं वाईडी कॉलेज के प्रोफेसर डॉ. नंदलाल वर्मा ने बताया कि परीक्षा के लिए 5299 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसके लिए शहर एवं कस्बा ओयल के 13 विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। पहली पाली का पेपर सुबह नौ से 12 बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर दो से शाम पांच बजे तक हुई। उन्होंने बताया कि पहली पाली में 486 और दूसरी पाली में 483 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। दोनों पालियों की परीक्षा शांति पूर्वक और नकल विहीन संपन्न हुई।
परीक्षा का समय, पंजीकृत, उपस्थित, अनुपस्थित
पहली पाली, 5299,4813,486
दूसरी पाली,5299,4816,483
कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए बांटे फेस शील्ड
कोरोना काल में हो रही प्रवेश परीक्षा को लेकर शासन बेहद संजीदा रहा। छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन की ओर से छात्रों को फेस शील्ड, मास्क एवं सैनिटाइजर के पाउच उपलब्ध कराए गए, जिससे इन्हें पहनकर कोरोना से सुरक्षित रहकर परीक्षा दे सकें।
परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थी बोले, बेहतर हुुआ पेपर
निघासन से पेपर देने आए रोहित कुमार ने बताया कि कुल मिलाकर पेपर काफी अच्छा हुआ है। अब इसका परिणाम आने की प्रतीक्षा रहेगी।
नौरंगाबाद निवासी धीरेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि पेपर बहुत ही अच्छा हुआ है। 100 प्रश्नों के लिए तीन घंटे का समय भी पर्याप्त था। अब परिणाम आने का इंतजार है।
बेलवापुर निवासी श्रीमाला ने बताया कि पहला पेपर काफी आसानी था। जो अच्छा हुआ है। प्रश्नपत्र सरल होने के कारण सभी प्रश्न हल कर दिए।
ममरी से पेपर देने आईं सविता वर्मा बताती हैं कि प्रथम प्रश्नपत्र में अधिकतर पढ़ा हुुुआ ही आया। मगर, दूसरा प्रश्नपत्र थोड़ा कठिन जरूर था। फिर भी अधिकतर सवाल हल किए।