हिरण्यावती नदी में कूदा युवक लापता
32 घंटे के बाद भी नहीं तलाशा जा सका
संवाद न्यूज एजेंसी
कसया। थानाक्षेत्र के हिरण्यावती नदी में कूदे युवक का 32 घंटे बाद भी कोई पता नहीं चल सका है। युवक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। हालांकि स्थानीय पुलिस नदी में युवक की तलाश करा रही है।
बीते मंगलवार को धुरिया निवासी लकडु वाल्मीकि (20) हिरण्यावती नदी के धुरिया भाठ पुल से पानी में कूद गया था। नदी में कूदने के बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। लेकिन बुधवार देर शाम तक भी उसे तलाशा नहीं जा सका था। घटना स्थल पर एसओ पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे थे। पुलिस के जवानों को तैनात कर दिया था। बुधवार को भी दिनभर नदी में स्थानीय लोगों ने खोजबीन की लेकिन नहीं मिला। इस संबंध एसओ अनिल उपाध्याय ने बताया कि नदी में गोताखोर और एनडीआरएफ टीम के माध्यम से तलाश कराई जा रही है, लेकिन अभी तक युवक का पता नहीं चल सका है।