शारदीय नवरात्र आज से: मंदिरों और घरों में तैयारियां पूरी
आठ दिन का है नवरात्र, अगले बृहस्पतिवार को होगा पूर्णाहुति
शुक्रवार को मनाई जाएगी विजयादशमी
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। शारदीय नवरात्र वृहस्पतिवार से शुरू हो रहा हैं। इसके लिए कई दिनों से चल रही तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। मंदिरों और पूजा पंडालों में स्थापना के लिए बन रही मूर्तियों को अंतिम रूप देने में मूर्तिकार जुटे हैं। नवरात्र के लिए देवी मंदिरों की साफ-सफाई और रंग-रोगन के साथ ही उन्हें बिजली की रंग-बिरंगी झालरों और फूलों से सजाया गया है। नवरात्र की पूर्व संध्या से ही शहर का वातावरण देवी भक्ति से सराबोर हो उठा। इससे बाजारों में रौनक बढ़ गई है। इसके अलावा श्रद्धालुओं ने घर में कलश स्थापना के लिए बुधवार सुबह से ही घर की साफ-सफाई में जुटे रहे।
प्राचीन बुढ़िया माई मंदिर, दुर्गा मंदिर, खिरकिया दुर्गा मंदिर, खह्नवार स्थित दुर्गा मंदिर, मैनपुर कोट स्थित दुर्गा मंदिर, रामकोला के धर्मसमधा दुर्गा मंदिर समेत जिले के सभी देवी मंदिरों में श्रद्धालु साफ-सफाई और रंगरोगन के काम में लगे रहे। मंदिर को बिजली की रंगबिरंगी झालरों से सजाया गया है। कलाकारों ने स्थापना के लिए तैयार की गई मूर्ति को वस्त्र आभूषण पहना कर अंतिम रूप देने में लगे हैं। शारदीय नवरात्र के लिए बाजार में भी बुधवार को काफी रौनक रही। लोगों ने अपने घरों में स्थापना के लिए देवी प्रतिमाओं के अलावा मिट्टी के कलश, मूर्तियों के वस्त्र खरीदा। चुनरी, झंडे और अन्य पूजन सामग्री बेचने वाली दुकानों पर खरीदारों की भारी भीड़ रही। इसके अलावा फल मिठाइयों और फलाहार में इस्तेमाल होने वाली खाद्य सामग्री भी खूब बिकीं।
कलश स्थापना का मुहूर्त
ज्योतिषी पंडित हरिओम पांडेय ने बताया कि नवरात्र में कलश स्थापना का शुभ मुहूर्त सात अक्तूबर को सुबह सात बजे से दोपहर 12 बजे तक का है। इसके बाद अभिहित मुहूर्त 12 बजे से दो बजे तक है। इसी मुहूर्त में कलश स्थापना शुभ रहेगी। पंडालों में सप्तमी (मंगलवार) को प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी नवरात्र की तैयारी पूरी
तमकुहीरोड। नवरात्र को लेकर सेवरही क्षेत्र के दुर्गा मंदिरों के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों के मंदिरों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। छतुवनिया माता मंदिर अवदान टोला, बेलवा माता मंदिर आजादनगर, मिल गेट भवानी मंदिर इंदिरानगर, जालपा माता मंदिर कत्तौरा, सोना भवानी मंदिर ठकरहा, काली माता मंदिर आंबेडकरनगर, बसई देवी भवानी मंदिर जगदीशपुर, पिण्डी भवानी मंदिर जानकीनगर, डीह भवानी मंदिर दवनहा, गुलेरिया माता मंदिर सुमही संतपट्टी, बनही माता मंदिर मेहदीया, अष्टभुजी भवानी मंदिर व्रह्मपुर समेत जवाहर नगर, गांधी नगर, राजपुर बगहा, सुमही संग्रल, टिकुलिया, मिश्रौली, पिरोजहा, पिपराघाट, जंगलीपट्टी, अहिरौलीदान, विरवट कोंन्हवलिया, बभनौली, तिवारी पट्टी, पकड़ीयार पूरबपट्टी, अहिरौली हनुमान सिंह स्थित दुर्गा मंदिरों में साफ-सफाई के साथ रोशनी आदि सजाने का कार्य बुधवार को पूरा कर लिया गया है।