बगैर अवकाश लिए संपूूर्ण समाधान दिवस में पहुंचे शिक्षक निलंबित
हाटा (कुशीनगर)। तहसील सभागार हाटा में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी एस. राजलिंगम के सामने बगैर अवकाश लिए पहुंचे शिक्षक को विभाग की ओर से निलंबित कर दिया गया। शिक्षक की पहचान हाटा क्षेत्र में भाजपा नेता के रूप में भी होती है। शनिवार को वह एक सार्वजनिक मुद्दे को लेकर संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचे थे। जबकि उस समय उन्हें स्कूल में होना चाहिए था।
मोतीचक विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय रामकटोरी में कार्यरत शिक्षक सुधीर उपाध्याय नगरपालिका हाटा के रहने वाले हैं। वह शनिवार को वार्ड संख्या-14 हरिटोला में नाली, आवास और शौचालय निर्माण की शिकायत लेकर हाटा तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंच गए। उन्होंने डीएम को अपना शिकायती पत्र देकर इन मामलों में कार्रवाई की मांग की। इस पर डीएम नगरपालिका के अधिकारियों को बुलाकर निर्देश दे रहे थे। उसी दौरान किसी ने डीएम को बताया कि शिकायतकर्ता बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षक हैं और स्कूल के समय में सार्वजनिक मुद्दे को लेकर यहां आए हुए हैं। इस पर डीएम ने तुरंत बीएसए को बुलाकर निर्देश दिया कि शिक्षक अगर अवकाश पर नहीं हैं तो उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाए।
बीएसए विमलेश कुमार ने खंड शिक्षा अधिकारी जयप्रकाश मौर्य से स्पष्टीकरण मांगा तो पता चला कि शिक्षक ने अवकाश नहीं लिया है। देर रात खंड शिक्षा अधिकारी की संस्तुति पर बीएसए ने शिक्षक को निलंबित कर दिया।