अस्पताल में बच्चे की मौत पर हंगामा
सूचना पर पहुंचे सीओ सदर, देर शाम तक रहे मौजूद
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। बृहस्पतिवार को पडरौना के एक अस्पताल में एक माह के बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके बाद बच्चे के परिजनों ने काफी हंगामा किया। पीड़ित परिवार की तरफ से पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर सीओ सदर पहुंचकर देर शाम तक घटना के बारे में जानकारी लेते रहे।
परिजनों के मुताबिक पडरौना कोतवाली क्षेत्र के मोजहिदा गांव के कुढ़िया टोला निवासी राजू के एक माह के बेटे प्रिंस का इलाज शहर के एक निजी अस्पताल में चल रहा था। डॉक्टर की तरफ से बताया गया था कि उसे निमोनिया हो गया था। बच्चे के साथ आए परिजनों ने बताया कि 12 दिन उसे भर्ती किया गया था। उसके बाद तीन दिन पर उसे इंजेक्शन लगाने के लिए बुलाया जाता था। बुधवार को उसकी हालत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती किया गया था, जहां इलाज के दौरान बृहस्पतिवार को उसकी मौत हो गई। इसके बाद वहां चीत्कार मच गई। पीड़ित परिजनों की तरफ से पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस पहुंची और छानबीन की। बच्चे की मां शीला देवी का कहना था कि जेवर बेचकर बच्चे का इलाज कराया जा रहा था। बच्चे की तबियत खराब होने के बाद से बेलवा जंगल गांव के मटियरवा टोला स्थित अपने मायके में रह रही थी। कोतवाल अनुज सिंह ने बताया कि फोन पर एक अस्पताल में बच्चे के मौत की सूचना मिली थी, जिस पर पुलिस मौके पर भेजी गई, लेकिन देर शाम तक इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली। सीओ सदर संदीप वर्मा ने कहा कि सूचना मिलते ही अस्पताल में पहुंचे हैं। बच्चे की मौत के बारे में जानकारी एकत्र की जा रही है।