सड़क मरम्मत की मांग के लिए प्रदर्शन
जिन्न बाबा के स्थान के पास रेनकट से सड़क क्षतिग्रस्त
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरवलिया बाजार। क्षेत्र के मठिया भोकरिया के रास्ते दुदही ब्लॉक मुख्यालय जाने वाली सड़क झरही नाले के पास स्थित रेनकट से क्षतिग्रस्त हो गया है। करीब तीन मीटर की लंबाई तक सड़क कटने से लोगों में दुघर्टना होने की आशंका बनी है। इससे नाराज लोगों ने बृहस्पतिवार को सड़क पर प्रदर्शन कर विरोध जताते हुए सड़क की मरम्मत की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि यह सड़क ब्लॉक मुख्यालय से मरूड़ही, पृथ्वीपुर, मठिया भोकरिया, दुमही बंगरा, धर्मपुर पर्वत, गोबरही समेत अन्य कई गांवों को जोड़ती है। इस सड़क से प्रतिदिन इन गांव के लोग ब्लॉक मुख्यालय और तहसील मुख्यालय अपने कार्यों को निपटाने के लिए आते जाते हैं। लेकिन यह सड़क पृथ्वीपुर गांव के पास झरही नाला पुल के आगे जिन्न बाबा के स्थान के पास बारिश के पानी से रेनकट बन गया है। लोगों ने बताया कि इसकी मरम्मत के लिए कई बार संबंधित अधिकारियों को शिकायती पत्र दिया गया, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। लोगों ने चेताया कि यदि शीघ्र सड़क की मरम्मत नहीं होती तो आगे और बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान श्रीराम गोंड़, रामजी यादव, डॉ. अमित बौद्ध, गर्जन मुसहर, कुंदन सिंह पटेल, अमर हिंदुस्तानी, रामचंद्र राय, आदित्य सिंह, अरुणेंद्र राय, गोरख भारती, सचेंद्र राय, प्रदीप राय, बबलू राय, मुलायम आदि मौजूद रहे।