भारत-नेपाल सीमा पर आवागमन शुरू
वाल्मीकिनगर गंडक बैराज से आज मिलेगी वाहनों के आवागमन की अनुमति
संवाद न्यूज एजेंसी
खड्डा। कुशीनगर जनपद से सटे बिहार के वाल्मीकिनगर गंडक बैराज स्थित नेपाल सीमा से डेढ़ साल बाद रविवार जो आवागमन शुरू हो गया। आवागमन बहाल होने पर दोनों देशों के नागरिकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया।
कोरोना महामारी के कारण लगभग डेढ़ वर्ष पहले भारत-नेपाल सीमा को बंदकर दिया गया था। इस कारण दोनों तरफ का व्यापार व आवागमन पूरी तरह से प्रतिबंधित था। हमेशा बेरोकटोक आने जाने वाले लोग इस प्रतिबंध से परेशान थे।
रविवार की दोपहर बाद वाल्मीकिनगर गंडक बैराज की सुरक्षा में तैनात एसएसबी के जवानों ने उच्चाधिकारियों के आदेश पर प्रतिबंध हटाते हुए कोरोना गाइडलाइन का पालन करने की सलाह देते हुए लोगों को यूपी की सीमा में पैदल प्रवेश की अनुमति दे दी। भारतीय नागरिक भी नेपाली सीमा में प्रवेश किए। दोनों तरफ के नागरिकों ने एक-दूसरे को और सुरक्षा कर्मियों को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। नेपाल के त्रिवेणी बड़ी भंसार के प्रभारी विकास उपाध्याय ने बताया कि सीमा को खोल दिया गया है। नेपाल में आने वाले भारतीय पर्यटकों या आम लोगों को कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करना होगा। सोमवार से वाहनों के आवागमन की अनुमति दे दी जाएगी। वाल्मीकिनगर गंडक बैराज पर तैनात एसएसबी के इंस्पेक्टर कालीदास ने बताया के उच्चाधिकारियों के आदेश पर नेपाल-भारत सीमा को आम लोगों के पैदल आवागमन के लिए रविवार खोल दिया गया है। भारत में प्रवेश करने वाले लोगों को कोरोना गाइडलाइन का पालन करना होगा।