पडरौना। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की तरफ से शनिवार को जंगल खिरकिया स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में जागरूकता कार्यक्रम हुआ। लोगों को सहमति के आधार पर वैवाहिक मामले सुलझाने के लिए प्रेरित किया गया।
प्राधिकरण के सचिव व अपर जिला जज रविकांत यादव ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की तरफ से वैवाहिक विवादों का निस्तारण सुलह समझौते के आधार पर कराया जाता है। इन विवादों को सुलझाने का यह उपाय सबसे बेहतर है। सभी विवाहित जोड़ों पर अपने साथी के प्रति विश्वास रखना चाहिए, ताकि उनके बीच कोई दरार उत्पन्न न हो। जागरूकता कार्यक्रम को नायब तहसीलदार विशाल दत्त राम त्रिपाठी, अविनाश प्रताप राव, ग्राम प्रधान राजकुमार यादव आदि ने संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन लेखपाल हरिशंकर सिंह ने किया। इस दौरान नागेंद्र, राजकुमार वर्मा, विजय कुमार मिश्र, मारकंडेय यादव आदि मौजूद रहे।