कसया। स्पाइस जेट विमानन कंपनी ने भी इंटरनेशनल एयरपोर्ट कुशीनगर से उड़ान भरने से हाथ खड़े कर दिए हैं। एयरपोर्ट अथॉरिटी अब दूसरी एयरलाइंस कंपनियों से उड़ान कराने का प्रयास कर रहा है, लेकिन कोई विमानन कंपनी रुचि नहीं ले रही है।
कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का 20 अक्तूबर 2021 को पीएम नरेंद्र मोदी ने लोकार्पण किया था। उन्होंने यहां से घरेलू समेत अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू होने का दावा किया था। लेकिन, यहां से घरेलू उड़ान भी नहीं हो रही है। पर्यटक सीजन में भी उड़ान शुरू नहीं होने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। एयरपोर्ट अथॉरिटी की मानें तो विमानन कंपनी स्पाइस जेट उड़ान शुरू करने से हाथ खड़े कर लिए हैं। इससे कुशीनगर में पर्यटन विकास की उम्मीदों को झटका लग रहा है। पर्यटकों को कुशीनगर आने के लिए दिल्ली, बनारस और लखनऊ एयरपोर्ट पर उतर कर वहां से बस से आना पड़ रहा है।
0
अंतरराष्ट्रीय मानक पूरा करने में जुटा एयरपोर्ट अथॉरिटी
मानक पूरा नहीं होने से भी विमानन कंपनियां नहीं आ रही हैं। कम दृश्यता एवं रात में विमान को उड़ान भरने के लिए डीवीओआर का कार्य पूरा कर लिया गया है। आईएलएस सिस्टम के लिए सिविल वर्क पूरे हो चुके हैं। इसमें लगने वाले इंस्ट्रूमेंट रूस से दिल्ली एयरपोर्ट पर आ गए हैं। वहां से जांच करके कुशीनगर एयरपोर्ट भेजे जाएंगे। उसके बाद यहां इंस्टाल किया जाएगा।
0
एयरपोर्ट अथॉरिटी उड़ान के लिए कर रहा प्रयास
एयरपोर्ट से उड़ान के कोई असर नहीं दिख रहे हैं। एयरपोर्ट अथॉरिटी की तरफ से सात एयरलाइंस को मेल किया गया है, लेकिन अब तक किसी भी एयरलाइन कंपनी ने रुचि नहीं दिखाई है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस, इंडिगो, अकाशा एयरलाइंस, एयर एशिया, एयर विस्तारा, फ्लाईविंग एयरलाइंस को मेल कर उड़ान करने की अपील की है।
वर्जन
कुशीनगर एयरपोर्ट से उड़ान शुरू कराने का प्रयास किया जा रहा है। कई एयरलाइन कंपनियों से बातचीत की जा रही है। लेकिन, अब तक किसी से डील फाइनल नहीं हुई है। एयरपोर्ट उड़ान के लिए तैयार है। डील फाइनल होते ही हवाई यात्रा शुरू हो जाएगी। -नरेंद्र रे, प्रभारी डायरेक्टर, एयरपोर्ट कुशीनगर।