रेल यात्रियों के लिए चलेगी पैसेंजर ट्रेन
छपरा कचहरी से कप्तानगंज तक होगा ट्रेन का संचालन
संवाद न्यूज एजेंसी
तमकुहीरोड। कप्तानगंज-थावे रूट पर पहली सितंबर से एक और स्पेशल पैसेंजर ट्रेन का संचालन शुरू हो जाएगा। यह ट्रेन नियमित छपरा कचहरी से कप्तानगंज तक के लिए चलेगी और उसका ठहराव सभी स्टेशनों पर होगा। यह ट्रेन सिसवा और महराजगंज भी जाएगी।
पूर्वोत्तर रेलवे एक सप्ताह पहले ही एक सितंबर से इस पैसेंजर ट्रेन के संचालन की मंजूरी देते हुए उसकी समय सारिणी घोषित कर चुका है। इसका संचालन बुधवार से शुरू हो जाएगा। यह ट्रेन छपरा कचहरी से मशरख, महराजगंज व सीवान होते कप्तानगंज के लिए चलेगी। इस ट्रेन का ठहराव सभी छोटे बड़े स्टेशनों पर होगा। पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से घोषित समय सारिणी के अनुसार यह ट्रेन प्रतिदिन सुबह 5.00 बजे छपरा कचहरी से चलकर 6.40 बजे मशरख, 8.13 बजे महराजगंज, 9.05 बजे सीवान, 10.00 बजे थावे, 11.06 बजे तमकुहीरोड, 11.44 बजे पडरौना सहित सभी स्टेशनों पर रुकते हुए 12.50 बजे कप्तानगंज पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन 13.20 बजे से कप्तानगंज से चल कर 14.01 बजे पडरौना, 14.39 बजे तमकुहीरोड, 15.50 बजे थावे, 17.05 बजे सीवान, 17.46 बजे महराजगंज, 19.28 बजे मशरख सहित सभी स्टेशनों पर रुकते हुए 21.30 बजे छपरा कचहरी पहुंचेगी। इस ट्रेन की ओर से नई रेल रूट को जोड़ने से यात्रियों व व्यापारियों में काफी खुशी है। तमकुहीरोड के स्टेशन अधीक्षक मयंक राजहंस का कहना है कि इस ट्रेन का संचालन शुरू होने को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।