संदिग्ध परिस्थिति में विवाहिता की मौत
जंगल लालाछपरा गांव के दुबौली टोले की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
दुदही। विशुनपुरा थानाक्षेत्र के ग्राम पंचायत जंगल लाला छपरा के दुबौली बाजार में बृहस्पतिवार को संदिग्ध परिस्थिति में एक विवाहिता की मौत हो गई। महिला के परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कुबेरस्थान थानाक्षेत्र ग्राम पंचायत लक्ष्मीपुर निवासी सलीम अंसारी की बेटी साजदा खातून (25) की शादी तीन माह पहले ग्राम पंचायत जंगल लाला छपरा के टोला दुबौली निवासी डेबा अंसारी के बेटे सद्दाम के साथ हुई थी। घटना के बाद ग्रामीणों ने साजदा के पिता सलीम को सूचना दी। परिजन ने इसकी सूचना पुलिस को दी। साजदा खातून चारपाई पर लेटी थी और उसके मुंह से झाग निकल रहा था। बताया जा रहा है कि विवाहिता की मौत के बाद से पति समेत परिवार के अन्य लोग घर छोड़कर भाग गए। एसओ अनिल उपाध्याय ने बताया कि परिजनों की तरफ से अभी तहरीर नहीं मिली है। पीएम रिपोर्ट आने और तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।