कौशाम्बी कोतवाली इलाके के बेरौंचा गांव में इन दिनों बदमाशों की आहट की अफवाह से ग्रामीण दहशत में हैं। बदमाशों का खौफ इतना है कि लोग रात भर जागकर कर पहरा दे रहे हैं।
बेरौंचा गांव के ग्रामीणों ने बताया कि करीब एक सप्ताह से गांव में रात के समय बदमाश आते हैं और ड्रोन कैमरा उड़ाकर लोगों के घरों की निगरानी करते हैं। जगहट होने पर जंगल की ओर भाग कर छिप जाते हैं। बृहस्पतिवार रात गांव के ऊपर से जहाज गुजरा तो अफवाह फैल गई कि गांव में ड्रोन कैमरा आ गया। बदमाश घरों की निगरानी कर रहे हैं। अफवाह पर ग्रामीण भी एकजुट होने लगे।
ग्रामीणों के हल्ला मचाने पर कमलेश मिश्र हालात का जायजा लेने छत पर चढ़ गए। इस बीच उनका पैर फिसल गया और वह छत से गिरकर चोटिल हो गए। परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। इसी मामले में किसी ने एक्स पर पुलिस को सूचना दी। हरकत में आई पुलिस ने बेरौंचा गांव पहुंच कर हालात का जायजा लिया। पूछताछ में पता चला कि गांव के ऊपर से जहाज गुजरा था। ग्रामीणों ने उसी को ड्रोन कैमरा मान लिया।
पुलिस किसी तरह से रात में ड्रोन का प्रयोग नहीं करती है। जहां मेला व दंगल होता है वहां की जरूर निगरानी होती है। लोग झूठी अफवाहों से बचें। झूठी अफवाह फैलाने वालों पर पुलिस की पैनी नजर है। ऐसे शरारती तत्वों पर कार्रवाई की जाएगी।-राजेश कुमार, एसपी