Two killers of Khaleel arrested, robbed gun recovered
सरायअकिल कोतवाली के चकपिनहा गांव में शनिवार को खलील की हत्या के मामले में नामजद दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से मृतक खलील के भाई की लूटी गई दोनाली बंदूक भी बरामद कर ली है। मंगलवार को दोनों आरोपियों के खिलाफ लिखापढ़ी करके पुलिस ने उनका चालान कर दिया।
चकपिनहा गांव में शनिवार सुबह चुनावी रंजिश को लेकर प्रधानपति महफूज आलम व इनायतउल्ला के बीच विवाद हुआ था। शिकायत पर शाम को प्रधानपति महफूज आलम ने अपने समर्थकों के साथ इनायतउल्ला के घर चढ़ाई कर ताबड़तोड़ हवाई फायरिंग की थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इससे मनबढ़ महफूज ने शाम को अपने सर्मथकों के साथ मिनहाजपुर निवासी खलील के घर पर धावाबोल कर मारपीट की और गोलीबारी की। हमले में खलील की मौत हो गई थी, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से जख्मी हैं।
खलील पक्ष से मिनहाजपुर निवासी मो. कुरैश की तहरीर पर पुलिस ने महफूज आलम, जुबैर अहमद, महेंद्र, धर्मेंद्र, मसूद आलम, ताजिम के खिलाफ मारपीट, बलवा, जानलेवा हमला, लूट व हत्या का केस दर्ज किया है। इस बाबत इंस्पेक्टर भुवनेश कुमार ने बताया कि सोमवार शाम मुखबिर की सूचना पर मिनहाजपुर निवासी जुबैर व ताजिम को इमली गांव के समीप से गिरफ्तार कर लिया गया। जुबैर के पास से मृतक खलील के भाई की लूटी गई दोनाली बंदूक व आठ कारतूस बरामद हुए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ लिखापढ़ी करके उनका चालान कर दिया गया है।