जिला कारागार के गेट से हिरासत में लिया गया बलरामपुर के पूर्व सांसद का दामाद
चार माह पहले बलरामपुर से कौशाम्बी जेल भेजा गया था चेयरमैन का हत्यारोपी रमीज
मंझनपुर कोतवाली पुलिस ने गैंगस्टर के मामले में पकड़ कर किया बलरामपुर पुलिस के हवाले
संवाद न्यूज
मंझनपुर। बलरामपुर के पूर्व सांसद रिजवान जहीर के दामाद रमीज को रिहा होते ही रविवार सुबह जिला कारागार के गेट से नगर कोतवाली पुलिस ने हिरासत में ले लिया। कोतवाली पुलिस के मुताबिक यह कार्रवाई बलरामपुर जिले की तुलसीपुर थाना पुलिस के सहयोग में की गई है। मेडिकल चेकअप के बाद कोतवाली पुलिस ने रमीज को तुलसीपुर थाना पुलिस के हवाले कर दिया। गैंगस्टर के मामले में पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है।
बलरामपुर जनपद के तुलसीपुर नगर पंचायत के चेयरमैन फिरोज पप्पू की चार जनवरी 2022 को हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड में पूर्व सांसद रिजवान जहीर, बेटी जेबा व दामाद रमीज समेत दो अन्य का नाम प्रकाश में आया था। पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। दो साल के बीच पुलिस ने अदालती कार्रवाई पूरी करते हुए आरोप पत्र न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया। इसी बीच चार महीने पहले सुरक्षा कारणों का हवाला देकर हत्यारोपी पूर्व सांसद के दामाद रमीज को कौशाम्बी जिला शिफ्ट कर दिया गया था। जेल में रहने के दौरान बलरामपुर की अदालत ने आरोपियों की जमानत मंजूर कर अलग-अलग तारीखों में रिहाई का आदेश दिया। शनिवार को रमीज की रिहाई का परवाना कौशाम्बी के जिला जेल प्रशासन के पास आया। रात अधिक होने के चलते आरोपी रमीज को रिहा नहीं किया जा सका। उधर, रमीज के रिहाई की भनक लगी तो बलरामपुर जिले की तुलसीपुर थाना पुलिस टीम रातोंरात कौशाम्बी आ गई। तुलसीपुर थाने में रमीज पर गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज है। इसी मामले में गिरफ्तारी के लिए मंझनपुर कोतवाली पुलिस की मदद से पुलिस टीम ने रविवार सुबह ही जिला कारागार के बाहर घेराबंदी कर दी। सुबह करीब नौ बजे जैसे ही रमीज जेल से रिहा होकर बाहर निकला गेट पर मुस्तैद पुलिस टीम ने उसे हिरासत में ले लिया। कोई कुछ समझ पाता इससे पहले पुलिस टीम उसे लेकर मंझनपुर कोतवाली पहुंच गई। मेडिकल चेकअप कराने के बाद लिखापढ़ी कर मंझनपुर पुलिस ने रमीज को बलरामपुर पुलिस के सिपुर्द कर दिया।
पत्नी जेबा ने गिरफ्तारी का वीडियो बनाकर किया वायरल
रमीज की पत्नी जेबा ने बताया कि उसके पति के रिहा होते ही पुलिस का जमावड़ा जेल के बाहर लग गया था। उसे शक हुआ कि पुलिस पति रमीज को उठाकर कहीं इनकाउंटर न कर दे। इसलिए उसने पति की रिहाई के बाद जेल के बाहर मोबाइल से वीडियो तैयार कर उसे वायरल किया है।
वर्जन
बलरामपुर पुलिस की मदद के लिए रिहाई के बाद जेल से बाहर निकले व्यक्ति को हिरासत में लिया गया। जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को तुलसीपुर थाना पुलिस के सिपुर्द कर दिया गया। संतोष शर्मा, इंस्पेक्टर, मंझनपुर कोतवाली