पिपरी कोतवाली के मर्दानपुर स्थित 16 मार्केट के समीप शनिवार रात कार सवार बदमाशों ने सरेराह एक युवक को गोली मार दी। जख्मी युवक को इलाज के लिए प्रयागराज के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पीड़ित युवक की सास की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।
कौशाम्बी कोतवाली के बरमबारी निवासी नरेंद्र कुमार उर्फ मोनू सरायअकिल कोतवाली के भखंदा गांव में अपने मौसा रामधन पासी के घर रहकर बालू का कारोबार करता है। बालू परिवहन के लिए उसने ट्रैक्टर भी खरीद रखा है। शनिवार को वह बाइक से अपने ससुराल प्रयागराज के पूरामुफ्ती कोतवाली के मर्दानपुर गांव जा रहा था। रात 10 बजे के करीब वह पिपरी कोतवाली के मर्दानपुर स्थित 16 मार्केट के समीप बाइक से उतर कर सड़क किनारे लघुशंका करने लगा। इसी दौरान आए कार सवार युवकों ने उस पर तमंचे से फायर झोंक दिया।
एक गोली उसके कंधे को चीरते हुए पार निकल गई। इससे वह जख्मी होकर सड़क पर गिरकर तड़पने लगा। हमलावर मौके से भाग निकले। जख्मी नरेंद्र ने मोबाइल से फोन कर घटना की सूचना पुलिस व परिजनों को दी। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने ससुरालियों की मदद से इलाज के लिए उसे प्रयागराज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। थानाध्यक्ष बलराम सिंह का कहना है कि जख्मी युवक की सास विमला देवी की तहरीर पर अज्ञात हमलावारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर घटना की छानबीन की जा रही है।