चायल। पिपरी थाना क्षेत्र के मखऊपुर (पिपरी) में एक विवाहिता सुमित्रा देवी (40) की सोमवार को मौत हो गई। उसकी लाश घर के भीतर फंदे से लटकती मिली। घटना से घर-परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर आई पुलिस ने छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं विवाहिता ने पिता ने पति पर ही हत्या करके शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है। एसओ ने बताया कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
चरवा कोतवाली क्षेत्र के सैयद सरावां गांव की रहने वाली मालती देवी की शादी पिपरी कोतवाली क्षेत्र के मखऊपुर गांव निवासी सुरेंद्र सिंह के साथ हुई थी। सुरेंद्र फौज का रिटायर्ड सिपाही है। सोमवार की सुबह उसकी पत्नी मालती देवी (40) की संदिग्धदशा में मौत हो गई। शव कमरे में फंदे से लटकता मिला। घटना को लेकर गांव में तमाम तरह की चर्चाएं हैं। चर्चाओं पर गौर करें तो रविवार की रात पति-पत्नी के बीच किसी बात पर झड़प के बाद हाथापाई भी हुई थी। उधर, घटना की जानकारी होने पर पिपरी एसओ मौके पर पहुंचे।
उन्होंने पति और परिवार के अन्य सदस्यों से घटना की बावत पूछताछ की। वहीं बेटी की मौत की सूचना पर उसकी ससुराल आए पिता ज्ञान सिंह ने विवाहिता की हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने पति पर ही हत्या करके शव को फंदे से टांगने का इल्जाम लगाते हुए इसकी तहरीर पुलिस को दी है। बताया कि रविवार की रात ही उसकी पति ने पिटाई की थी। इसकी सूचना उसने फोन करके मायके में दी थी। उधर, जांच के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पिपरी एसओ पीके यादव ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद जैसी सच्चाई सामने आएगी। उसके मुताबिक पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।
इसी तरह कोखराज कोतवाली क्षेत्र के अहिरारा गांव के एक युवक ने रविवार की रात फंदे से लटक जान दे दी। सुबह कमरे में फंदे से शव लटकता देख घरवालों के होश उड़ गए। बता दें कि अहिरारा गांव निवासी गुड्डन (24) रविवार की रात परिजनों के साथ खाना खाने के बाद कमरे में सोने के लिए गया था। सुबह देर तक नहीं उठने पर घरवाले कमरे में उसे जगाने गए, तो उसकी लाश फंदे से लटक रही थी। यह देख घरवालों की चीख निकल गई। मौत की भनक लगते ही आसपास के लोग भी जमा हो गए। परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए शव का अंतिम संस्कार कर दिया। युवक की मौत से घर-परिवार में कोहराम मचा हुआ है।