गांव बंधीचक के मान सिंह की हत्या का 11 दिन बाद भी खुलासा न होने पर परिवार की महिलाओं व अन्य लोगों ने सोमवार को थाने में सात घंटे तक डेरा डाले रखा। साथ ही अपराधियों के पकड़े जाने तक थाने में ही धरना देने की धमकी दी। बाद में इंस्पेक्टर के समझाने पर वे लोग माने।
मान सिंह आठ जनवरी को सकट के दिन पूजा का सामान लेने निकला था। अगले दिन मान सिंह का हाईवे किनारे झाड़ियों में जली हुई हालत में मिला था। उसकी 315 बोर की लाइसेंसी रायफल व 24 कारतूस की पेटी भी गायब मिली थी। पहले माना जा रहा था कि गला दबाकर हत्या की गई है, मगर जब पोस्टमार्टम हुआ तो रिपोर्ट में मरने की वजह सिर्फ जलना बताया गया। इससे मामला उलझ गया था। पुलिस ने रिपोर्ट भी दो-तीन दिन रुककर की थी। इसमें गांव के ही छत्रपाल, नन्हें और रफ्फन को शक के आधार पर नामजद किया गया था।
पुलिस ने नन्हें और रफ्फन के साथ ही अन्य कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, मगर घटना का खुलासा नहीं हो सका। अब तक खुलासा न होने से नाराज होकर पत्नी मिलन देवी अपने तीन माह के बेटे, सास शांति देवी, चाची मुन्नी देवी, ननद पुष्पा यादव, देवर देवेंद्र, देवरानी स्वाति यादव, चाची वीरावती तथा संसारा देवी के साथ में इंसाफ मांगने सोमवार सुबह करीब दस बजे थाने पहुंच गई। मिलन का कहना था कि उसके पति के हत्यारों को जब तक पुलिस गिरफ्तार नहीं कर लेती, तब तक वह थाने में ही बैठी रहेगी। इस दौरान एक महिला ने पुलिस पर अनेक आरोप लगाते हुए जोर जोर से चीखना चिल्लाना शुरू कर दिया था। लोगों के समझाने के बाद महिला शांत हुई। बाद में इंस्पेक्टर रूम सिंह यादव व अन्य लोगों के समझाने पर घर वापस लौट गई। उनका कहना था कि वह असली हत्यारों को जेल भेजना चाहते हैं, इसलिए इतना वक्त लग रहा है।
असली हत्यारे की तलाश में पुलिस परेशान
शक के आधार पर नामजद किए गए तीन लोगों में से पुलिस दो से पूछताछ कर चुकी है। उनकी कॉल डिटेल भी निकलवाई गई, मगर उससे कोई ठोस सुबूत नहीं मिला। पकड़े गए नन्हें के बारे में एक व्यक्ति ने बताया था कि नन्हें ने उससे एक आदमी का मर्डर कराने के लिए बात की थी। यही बात मान सिंह के परिवार वालों को पता चल गई थी। उन्होंने इसी आधार पर नन्हें को नामजद किया। पुलिस अब तक की जांच में पक्के तौर पर मान रही है कि मामला सिर्फ हत्या का है, लूट का नहीं। रायफल तो वह कहीं और रखकर आया है, ऐसी जानकारियां सामने आ रही हैं। इंस्पेक्टर रूम सिंह यादव का कहना है कि वह असली अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं, जल्द ही अपराधी गिरफ्तार होंगे।