कोतवाली के मोहब्बतपुर अनेठा गांव में रविवार रात चोरों ने एक शिक्षक के सूने घर को निशाने पर ले लिया। कुंडी तोड़कर घर में घुसे चोर नकदी-गहने समेत लाखों का माल पार कर दिया। सोमवार सुबह सूचना के बाद आई पुलिस ने मौका मुआयना के बाद पीड़ित से तहरीर लेकर घटना की छानबीन शुरू कर दी है।
मोहब्बतपुर अनेठा निवासी सूरजपाल सरोज कड़ा ब्लॉक के फते शाह का पूरा प्राइमरी स्कूल में सहायक अध्यापक हैं। बच्चों की पढ़ाई के लिए वह मकान बनवाकर प्रयागराज में रहते हैं। पैतृक घर आना-जाना बना रहता है।
रविवार को भी वह पैतृक मकान में ही दिनभर थे। शाम को चार बजे के आसपास प्रयागराज चले गए। रात को दरवाजे की कुंडी तोड़कर भीतर घुसे चोर उनके और उनके भाई के कमरों से 1.10 लाख नकदी, पांच डालर का एक और एक डालर के पांच नोट के साथ ही तकरीबन चार लाख रुपये कीमती गहने उठा ले गए।
सोमवार सुबह घटना की जानकारी होने पर शिक्षक प्रयागराज से गांव आए। सूचना के बाद आई पुलिस ने जांच-पड़ताल कर पीड़ित से तहरीर लेकर चली गई। इंस्पेक्टर रोशनलाल ने बताया कि चोरों की तलाश कराई जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।