फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तीन तलाक की दुश्वारियां गिना मुस्लिमों को साधने की कोशिश

विज्ञापन
कानपुर देहात में जनसभा को संबोधित करते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मंचासीन मुख्यमंत्री व अन्य - फोटो : AKBARPUR
विज्ञापन
कानपुर देहात। शहजादपुर में हुई जनसभा के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुस्लिम मतदाताओं को साधने की कोशिश की। हिजाब विवाद के बीच प्रधानमंत्री ने केंद्र सरकार के काम गिनाकर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने के लिए वोट मांगे। इस दौरान उन्होंने तीन तलाक कानून आने से पहले की दुश्वारियां भी गिनाईं।
विज्ञापन

पीएम ने कहा कि भाजपा की सरकार ने महिलाओं के लिए जो काम किए हैं, उसकी लाभार्थी मुस्लिम बहन और बेटियां भी हैं। हमारी मुस्लिम बेटियों को भी पढ़ाई के लिए जाते समय मनचलों की वजह से बहुत परेशानी होती थी। जब यूपी में अपराधी कंट्रोल में आए तो मुस्लिम बहन और बेटियों को भी लाभ मिला। पिछले सात साल में स्कूल और कॉलेजों में मुस्लिम लड़कियों की संख्या बढ़ी है। मुस्लिम बहनों का जीवन आसान बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा हूं।
कहा कि मायके से अगर औरत खाली हाथ आती थी, तो पुरुष उसे तीन तलाक दे देता था। बाइक लेकर नहीं आई तो तीन तलाक, सोने की चेन, घड़ी, मोबाइल आदि छोटी सी बात पर तीन तलाक कहकर मुस्लिम महिलाओं का जीवन बर्बाद किया जाता था। मुस्लिम बेटियों के साथ उनके माता-पिता का दर्द समझा और देश की हर मुस्लिम बेटी को तीन तलाक से सुरक्षा दी है। मोदी ने कहा कि रिपोर्ट में सामने आया है कि कानून बनने के बाद यूपी की हजारों बेटियाें का घर तबाह होने से बचा है। प्रधानमंत्री ने अपने करीब 38 मिनट के भाषण के दौरान साढ़े तीन मिनट सिर्फ मुस्लिम वोटरों को साधने का प्रयास किया।
विज्ञापन

पीएम ने क्यों की मुस्लिमों के मन की बात
जनपद में लगभग एक लाख मुस्लिम मतदाता हैं। ये मतदाता किसी भी प्रत्याशी की जीत और हार में प्रमुख भूमिका निभाते हैं। इस वजह से पीएम नरेंद्र मोदी ने मुस्लिम महिलाओं को तीन तलाक से होने वाली परेशानियों के बारे में बताया।
हर बार नया साथी लेकर आता विपक्ष, हारने पर फोड़ देता ठीकरा
कानपुर देहात। प्रधानमंत्री मोदी ने बगैर किसी का नाम लिए प्रदेश के चुनाव में मुख्य प्रतिद्वंद्वी पार्टी सपा पर कटाक्ष किया। कहा कि यह दल चुनाव में हर बार नया साथी लेकर आता है। हारने पर उसी पर ठीकरा फोड़ देता है। यह दल दूसरे के कंधों पर चलने की कोशिश करता है। हारने पर साथी बदल देता है। दूसरे चुनाव में दूसरा साथी और तीसरे चुनाव में तीसरा साथी लेकर आया है। जनता से सवाल किया कि साथी बदलने वाले आपका साथ देंगे क्या? कहा कि हर चुनाव में साथी बदलने वाले चुनाव खत्म होते ही साथी को लात मार देते हैं। जनता से पूछा कि ऐसे लोगों पर हम भरोसा कर सकते हैं क्या? 10 मार्च के बाद इस बार भी इस दल के नेता नए साथी को कोसना शुरू कर देंगे।
मोदी बोले, दस दिन पहले मनेगी होली
मोदी ने कहा कि इस बार प्रदेश में रंगों वाली होली 10 दिन पहले ही मनाई जाएगी। इस पर दीर्घा में मौजूद लोगों ने खूब तालियां बजाईं। उन्होंने कहा कि परिवारवादी 2014, 2017 और 2019 में हारे। अब 2022 में भी परिवारवादी हारेंगे। 10 मार्च को चुनाव के नतीजे आएंगे। तब रंगों वाली होली शुरू हो जाएगी। संबोधन के बाद पीएम मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानपुर के बिठूर से भाजपा प्रत्याशी अभिजीत सिंह सांगा, घाटमपुर से अपना दल प्रत्याशी सरोज कुरील, बिल्हौर प्रत्याशी मोहित सोनकर, भोगनीपुर प्रत्याशी राकेश सचान, रसूलाबाद प्रत्याशी पूनम संखवार, अकबरपुर-रनियां से प्रतिभा शुक्ला, सिकंदरा से अजीत सिंह पाल, जालौन के कालपी से निषाद पार्टी के प्रत्याशी छोटे सिंह चौहान, उरई प्रत्याशी गौरीशंकर के साथ हुंकार भरी।
नए वोटरों को अहम जिम्मेदारी दे गए मोदी
मोदी तीसरे चरण के चुनाव में ज्यादा से ज्यादा मतदान का संदेश देना नहीं भूले। उन्होंने पहली बार मतदाता बने नए वोटरों को अहम जिम्मेदारी दी। आह्वान किया कि युवा बूथ पर जाकर अधिक से अधिक मतदान करें। यह उनके लिए यादगार भी रहेगा कि कितनी कम उम्र में पहली बार वोट दिया। कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करने में एक-एक मत का महत्व है। भाषण के अंत में दीर्घा में मौजूद लोगों से रूबरू होकर कहा कि हर परिवार को मतदान करने के लिए प्रेरित करेंगे और ज्यादा से ज्यादा मतदान करेंगे। मंत्र दिया कि पहले मतदान फिर जलपान।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें