भरथना के प्राथमिक विद्यालय में छात्रों पर पुष्प वर्षा करते शिक्षक
- फोटो : ETAWAH
इटावा। कोरोना की तीसरी लहर के कारण डेढ़ महीने से बंद चल रहे स्कूलों में सोमवार से रौनक लौट आई। हंसते- चहकते बच्चे फिर से अपनी कक्षाओं में पहुंचे। ऑनलाइन पढ़ाई से ऊब चुके बच्चों को ऑफलाइन पढ़ाई का माहौल फिर से मिला। स्कूलों में बच्चों ने खूब मस्ती की। अपने दोस्तों से मिले। हालांकि पढ़ाई पर चुनाव ड्यूटी का असर भी दिखा। ज्यादातर शिक्षक चुनाव ड्यूटी में व्यस्त रहे।
बकेवर। परिषदीय स्कूलों में रौनक दिखाई पड़ी। छात्र संख्या काफी कम रही। चुनाव कार्यों में ड्यूटी के कारण शिक्षकों की उपस्थिति भी कम रही। सुबह 9:30 बजे कंपोजिट विद्यालय कुड़रिया में 20 बच्चों ने सुबह की प्रार्थना की। प्रधानाध्यापिका शारदा प्रधान ने बताया कि विद्यालय में पहले दिन काफी कम बच्चे आए हैं। कंपोजिट विद्यालय सराय मिट्ठे में 42 बच्चे उपस्थित थे।
प्रधानाध्यापक रत्ना कुशवाहा ने बताया छात्र संख्या काफी कम रही। सहायक अध्यापिका सरस्वती कश्यप बच्चों को पढ़ा रही थीं। बकेवर स्थित प्राथमिक विद्यालय प्रथम में जाने पर बच्चे विद्यालय परिसर में खड़े पेड़ से बेर तोड़ कर खा रहे थे। कुछ बच्चे खेल रहे थे। बीआरसी के बगल में स्थित कंपोजिट विद्यालय बकेवर में 70 बच्चे उपस्थित रहे। प्रधानाचार्य बलराज चतुर्वेदी ने बताया काफी कम उपस्थिति रही। महेवा संवाद प्रतिनिधि के मुताबिक उच्च प्राथमिक स्कूल उझियानी के प्रधानाध्यापक नरेंद्र यादव ने बताया कि हाथ धुलने ,सैनिटाइज करने की व्यवस्था की गई है। बहेड़ा, महेवा, राहतपुर में बच्चों की संख्या कम रही ।
भरथना। मोहल्ला गिरधारीपुरा में स्थित कन्या प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाचार्य संतोष कुमारी ने छात्र-छात्राओं को तिलक लगाकर और पुष्प वर्षा कर अगवानी की। थर्मल स्कैनर से छात्रों के तापमान की जांच की। विद्यालय में सोमवार को 68 छात्र आए। शिक्षिकाएं अनीता देवी, कीर्ति व रंजना जोशी मौजूद रहीं।