रसूलाबाद। उधार लिए रुपये वापस न कर पाने के कारण गोपालपुर कहिंजरी में एक युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना से पहले उसका पत्नी से भी लेनदेन को लेकर झगड़ा हो गया था। परिजनों ने पुलिस को बिना सूचना दिए शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
रसूलाबाद थाना क्षेत्र के गोपालपुर कहिंजरी निवासी पप्पू पाल (35) ने पड़ोसी से एक हफ्ते पहले एक हजार रुपये उधार लिए थे। शुक्रवार शाम तक रुपये वापस न करने का पड़ोसी ने तगादा किया। इस पर पत्नी से उसका झगड़ा हो गया। वहीं केकेसी पर लिए गए ऋण को भी न चुका पाने पर बैंक से उसे नोटिस जारी किया गया था। इससे भी वह परेशान था।
शनिवार सुबह युवक ने घर के एक कमरे में रस्सी के सहारे फांसी लगाकर जान दे दी। भाई राम किशोर ने उसका शव फंदे पर लटका देखा तो वह सन्न रह गया। घटना के बाद पत्नी नीरज देवी, भाई रामकिशोर, बेटा आशीष का रो-रो का बुरा हाल हो गया। इधर, परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
बड़े भाई ने बताया कि पप्पू का बैंक में किसान क्रेडिट कार्ड बना था। दो साल पहले 19 हजार रुपये ऋण लिया था। बाद में वह जमा नहीं कर पाया। इसको लेकर नौ जुलाई को बैंक की ओर से नोटिस जारी किया था। इससे भी वह परेशान था। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार शुक्ला ने बताया कि मामले की जानकारी हुई है। पुलिस के पहुंचने से पहले शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया था।